‘स्वच्छ काशी, सुंदर काशी’ का संदेश दे रहे सेल्फी प्वाइंट, महिला चेंजिंग रूम के बाहर एकल उपयोग प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक की अपील; शिकायत के लिए टोल फ्री और व्हाट्सएप नंबर भी जारी
Varanasi: आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। घाटों पर साफ-सफाई, समतलीकरण और महिला श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था के साथ ही नगर निगम ने आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी बनवाए हैं। इन सेल्फी प्वाइंट के माध्यम से श्रद्धालुओं को छठ पूजा की शुभकामनाएं देने के साथ ही स्वच्छता और जनसहभागिता का संदेश दिया जा रहा है।
‘स्वच्छ काशी, सुंदर काशी‘ और ‘भाव काशी‘ का संदेश
नगर निगम (Varanasi) की ओर से लगाए गए सेल्फी प्वाइंट पर काशी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी के चित्र लगाए गए हैं। इसके साथ ही आस्था के महापर्व छठ पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं अंकित की गई हैं। सेल्फी प्वाइंट पर ‘स्वच्छ काशी, सुंदर काशी’ और ‘भाव काशी’ का संदेश भी लिखा गया है। इसके जरिए नगर निगम ने छठ पूजा में शामिल होने वाले सभी व्रतियों और श्रद्धालुओं को पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

छठ पूजा के अवसर पर गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में सेल्फी प्वाइंट लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। श्रद्धालु यहां तस्वीरें लेकर पर्व की यादों को संजो रहे हैं। नगर निगम (Varanasi) ने इन सेल्फी प्वाइंट पर नागरिकों की सुविधा के लिए एक टोल फ्री नंबर और एक व्हाट्सएप नंबर भी अंकित कराया है। इनके माध्यम से लोग नगर निगम से संबंधित अपनी शिकायतें और समस्याएं दर्ज करा सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को शिकायतों के लिए एक आसान माध्यम उपलब्ध कराना है।

प्लास्टिक का उपयोग करने से बचें
वहीं, घाटों (Varanasi) पर बनाए गए महिला चेंजिंग रूम के बाहर भी नगर निगम की ओर से जागरूकता संबंधी बैनर लगाए गए हैं। इन बैनरों के माध्यम से श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से एकल उपयोग वाले प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई है। साथ ही शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग देने का संदेश भी दिया गया है। नगर निगम की ओर से लोगों से आग्रह किया गया है कि वे पूजा-पाठ और धार्मिक गतिविधियों के दौरान प्लास्टिक का उपयोग करने से बचें और स्वच्छता बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
ये भी पढ़े:- छठ महापर्व, गंगा महोत्सव और देव दीपावली के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने घाटों का किया निरीक्षण
नगर निगम (Varanasi) की इन पहलों के जरिए छठ पूजा की व्यवस्थाओं को केवल श्रद्धालुओं की सुविधाओं तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि धार्मिक आयोजन के साथ स्वच्छता जागरूकता और नागरिक सहभागिता को भी जोड़ा गया है। घाटों पर सेल्फी प्वाइंट, शिकायत दर्ज कराने की सुविधा और एकल उपयोग प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता बैनर काशी को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का संदेश दे रहे हैं।
