लखनऊ। राजधानी का चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अपने यात्रियों के लिए गर्मी के मौसम में साप्ताहिक उड़ानों की संख्या में 15 फीसदी बढ़ोतरी करेगा। यह जानकारी चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के प्रवक्ता ने दी। उन्होंने बताया कि मार्च माह के अंत से अक्टूबर माह के अंत तक यह व्यवस्था प्रभावी रहेगी। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकालीन कार्यक्रम के दौरान लखनऊ हवाई अड्डे से वर्तमान में कुल साप्ताहिक हवाई यातायात 808 प्रति सप्ताह की तुलना में 15 फीसदी बढ़कर 926 हो जाएगी। इसके तहत 706 साप्ताहिक घरेलू उड़ाने अप्रैल में 16 प्रतिशत बढ़कर 823 हो जाएंगी। जबकि अंतरराष्ट्रीय सप्ताहिक उड़ाने अप्रैल में 3 फीसदी बढ़कर 104 हो जाएंगी। प्रवक्ता ने बताया कि समर शेड्यूल के दौरान 7 घरेलू गंतव्य बेंगलुरु, मुंबई, कोलकाता, इंदौर दिल्ली, मोपा (गोवा) और अहमदाबाद व तीन अंतरराष्ट्रीय गंतव्य बैंकॉक, मस्कट और जेद्दाह के लिए अतिरिक्त सेवाएं होंगी। जिसमें अंतर्राष्ट्रीय क्षेत्र के लिए थाई एयर एशिया व सलाम एयर क्रमश: डॉन मुऊनग इंटरनेशनल एयरपोर्ट बैंकाक और मस्कट के लिए एक साप्ताहिक प्रस्थान जोड़ेगी। जबकि सऊदी अरबिया लखनऊ हवाई अड्डे से जेद्दा के लिए दो साप्ताहिक प्रस्थान जोड़ेगी। इसी तरह घरेलू क्षेत्र की उड़ानों में गो एयर दिल्ली के लिए 20, मुंबई के लिए 4 और बेंगलुरु के लिए एक अतिरिक्त साप्ताहिक प्रस्थान जोड़ेगी। इंडिगो मुंबई के लिए 8 सप्ताहिक उड़ाने, बंगलुरु के लिए 5 सप्ताहिक उड़ाने और कोलकाता व इंदौर के लिए 7 – 7 उड़ाने बढ़ाई जाएंगी। वही नवीनतम एयरलाइन अकासा एयर अहमदाबाद मोपा (गोवा) और बेंगलुरु के लिए एक दैनिक उड़ान बढ़ाएगी। जबकि टाटा समूह की एयरलाइंस एयर इंडिया और एयर एशिया इंडिया मुंबई के लिए तीन उड़ाने और बेंगलुरु के लिए एक सप्ताहिक उड़ान जोड़ेगी।
sudha jaiswal