जैतीखेड़ा व नूरनगर-भदरसा में हुआ ग्राम चौपाल का आयोजन
परियोजना निदेशक ने किया औचक निरीक्षण
लखनऊ। शासन के निर्देश पर प्रदेश की ग्राम पंचायतों में आयोजित होने वाली ग्राम चौपालों के तहत शुक्रवार को सरोजनीनगर ब्लाक कार्यालय की ओर से क्षेत्र की जैतीखेड़ा और नूरनगर भदरसा ग्राम पंचायत में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। बीडीओ पूजा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित ग्राम चौपाल के दौरान परियोजना निदेशक राजेश त्रिपाठी ने चौपाल का औचक निरीक्षण किया। इस मौके पर मौजूद ग्रामीणों से परियोजना निदेशक ने विकास कार्यों की जानकारी ली। चौपाल में परियोजना निदेशक राजेश त्रिपाठी ने ग्रामीणों को आवास, मिशन अंत्योदय, आयुष्मान कार्ड (स्वास्थ कार्ड) की जानकारी दी। उन्होंने ग्राम सचिव को हर वार्ड में बैठक कर छूटे हुए पात्र लोगों के कार्ड बनवाने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिये। इसी बीच कुछ किसानों ने कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक पवन कुमार की शिकायत की। कार्यक्रम के दौरान खंड विकास अधिकारी पूजा सिंह ने उनके कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा में उन्होंने पवन कुमार को अपने कार्यों में लापरवाही करने के लिए कड़ी फटकार लगाई। कार्यक्रम के दौरान खंड विकास अधिकारी पूजा सिंह एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रेखा शुक्ला ने प्रथम दस छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उन्हें उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। चौपाल में ग्राम प्रधान शिवकुमारी अम्बेडकर, सहायक विकास अधिकारी (कृषि) त्रिभुवन राय, सहायक विकास अधिकारी (ग्राम विकास) दीपक चौधरी और सचिव अमित सिंह मौजूद रहे।
sudha jaiswal