28 मार्च को कर्मचारी धरना देकर करेंगे विरोध प्रदर्शन
लखनऊ। बिजली कर्मियों का उत्पीड़न समाप्त करने के लिए राज्य सरकार के विभागों, निगमों, स्थलीय निकाय एवं विश्वविद्यालय के कर्मचारियों के संयुक्त मंच के बैनर तले शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में सरोजनी नायडू पार्क स्थित बीएन सिंह की प्रतिमा पर हजारों की तदाद में कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन व रैली की।
संयुक्त मंच ने रैली में एक प्रस्ताव पारित कर ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि बिजली कर्मियों का उत्पीड़न यथा निलम्बन, निष्कासन और एफआईआर तत्काल वापस ली जाये और ऊर्जा मंत्री के साथ हुए 3 दिसम्बर के समझौते का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाये। संयुक्त मंच ने 28 मार्च को सभी जनपदों में सरकारी विभागों, निगमों, स्थानीय, निकाय और विश्व विद्यालय के कर्मचारियों का 2 घण्टे का धरना व विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। संयुक्त मंच ने चेतावनी दी है कि यदि बिजली कर्मियों का उत्पीड़न समाप्त नही किया गया तो मंच और कठोर कार्यवाही करने के लिए बाध्य होगा जिसमें प्रदेश के सभी 18 लाख कर्मचारी सम्मिलित होंगे।
आज की विरोध सभा में राज्य/निगम/निकाय कर्मचारी संयुक्त मंच के संयोजक अमरनाथ यादव, जवाहर भवन इन्दिरा भवन कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष सतीश पाण्डेय, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष एनडी द्विवेदी, स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष शशि कुमार मिश्रा, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष एसपी तिवारी, सहित अन्य पदाधिकारी मुख्यतया सम्मिलित हुए एवं सभा को सम्बोधित किया। सभा का संचालन बीएल कुशवाहा ने किया।
sudha jaiswal