लखनऊ। प्रदेश के कई जिलों में बारिश व ओले गिर रहें हैं, जिससे 13 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।सीएम योगी ने शनिवार को अधिकारियों के साथ बैठक करके फसलों के नुकसान की समीक्षा की।उन्होंने कहा, किसानों का हित सुरक्षित रखना प्राथमिकता है। 24 घंटे के अंदर बारिश से फसलों के नुकसान की रिपोर्ट भेजी जाए। जनहानि का भी आकलन किया जाए। उन्होंने कहा कि इस संकट में सरकार किसानों के साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा, मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो-तीन दिन तक बारिश होने की संभावना है। इससे बचाव के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा असमय बरसात, ओलावृष्टि के कारण जिस भी किसान की फसल प्रभावित हो, उसका आकलन कर नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि उपलब्ध कराने में देर न की जाए।
मौसम विज्ञानियों की चेतावनियों के बारे में किसानों को टीवी, अखबार और स्थानीय प्रशासन के माध्यम से जानकारी उपलब्ध कराएं। ऐसी स्थिति में लोग अलर्ट होंगे तब क्षति भी कम होगी। प्राकृतिक आपदा के कारण यदि किसी भी प्रदेशवासी की मृत्यु होती है, या कोई घायल होता है तो बिना देर किए तत्काल पीड़ित परिवार से संपर्क किया जाए। राहत आयुक्त स्तर से आपदा राहत कोष में पीड़ित परिवार को तुरंत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
sudha jaiswal