गोरखपुर। भाजपा नेता और राज्यसभा सांसद शिव प्रताप शुक्ल ने भाजपा के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। बुधवार को गोरखपुर में उन्होंने टछउ डॉ. धर्मेंद्र सिंह को अपना त्यागपत्र सौंपा। इस दौरान पार्टी से अपने 39 साल के रिश्तों का जिक्र करते हुए वह भावुक हो गए। शुक्ल को हिमाचल प्रदेश का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वह 18 फरवरी को शपथ लेंगे। इस्तीफा देते हुए उन्होंने कहा, कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि किसी भी वजह से पार्टी से इस्तीफा देना पड़ सकता है। अब तक संगठन ने जो भी जिम्मेदारी दी, उसे मैंने पूरी निष्ठा से निभाया है।
अब नई जिम्मेदारी को निभाने का वक्त आ गया है। जिस पार्टी और विचारधारा के साथ मैंने अब तक काम किया। अब मैं उस तरह का काम नहीं कर पाऊंगा। जिस पद पर मुझे नियुक्त किया गया है। वह एक संवैधानिक पद है। मुझे संवैधानिक तौर तरीकों से काम करना होगा। उन्होंने कहा, आज इस्तीफा देते हुए मैं भावुक इसलिए हो रहा हूं क्योंकि मैंने अपनी राजनीति और पार्टी के लिए जो समय अब तक बिताया है, उसे अब मुझे छोड़ना पड़ रहा है। ये समय मेरे लिए कठिन है। इस पार्टी ने मुझ पर हमेशा भरोसा किया है और सम्मान भी दिया है।
पार्टी और इसके सदस्यों के साथ मेरा लगाव हमेशा रहेगा। इस्तीफा लेते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने कहा, शिव प्रताप शुक्ला ने अपनी राजनीति में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। केंद्र में वित्त राज्य मंत्री रहे हैं। जब उन्हें हिमाचल का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। जैसे पार्टी के लिए अभी तक उन्होंने काम किया है। अब देश के लिए काम करेंगे। 12 फरवरी को पूर्व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और राज्यसभा सांसद शिव प्रताप शुक्ला को हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया था।
sudha jaiswal