लखनऊ। एयरपोर्ट काउंसिल इंटरनेशनल (एसीआई) ने राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्रियों की लगातार बढ़ती अपेक्षाओं को पूरा करने की सराहना करते हुए उसे लेवल – 1 एयरपोर्ट कस्टमर एक्सपीरियंस एक्रीडिटेशन की मान्यता दी है। यह जानकारी मंगलवार को चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के प्रवक्ता ने दी। उन्होंने बताया कि चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा होने के कारण और ग्राहक अनुभव में सुधार के अपने निरंतर प्रयासों के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया है।
प्रवक्ता ने कहा कि लखनऊ हवाई अड्डा अपने यात्री केंद्रित दृष्टिकोण के साथ एक सुरक्षित और कुशल हवाई अड्डा परिस्थितिकी तंत्र बनाने के अलावा उत्कृष्ट सेवा प्रदान करता है। साथ ही यह एयरपोर्ट यात्री पहले के उद्देश्य से यात्रियों को लखनऊ में निर्बाध यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों की जरूरतों को समझने और उनकी अपेक्षाओं, संतुष्टि, टिप्पणियों और शिकायतों को पूरा करने के लिए एक संरचना स्थापित करने के प्रयासों के लिए हमें लेवल – 1 एसीआई एयरपोर्ट कस्टमर एक्सपीरियंस एक्रीडिटेशन प्राप्त करने की बेहद खुशी है। उन्होंने कहा कि पिछले 1 साल में चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने ईमेल, हवाई अड्डे की वेबसाइट, एयरसेवा पोर्टल, सीपीग्राम्स और सोशल मीडिया के माध्यम से शिकायत, सुझाव व प्रशंसा प्राप्त करने के लिए विभिन्न यात्री केंद्रित पहलों को लागू किया है।
sudha jaiswal

