गाजियाबाद क्षेत्र में दो वाल्वो बसों की व्यवस्था की गयी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि सूडान में उत्पन्न आपातकालीन परिस्थितियों के दृष्टिगत सूडान से वापस आने वाले उत्तर प्रदेश के नागरिकों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिये उत्तर प्रदेश परिवहन निगम हर संभव व्यवस्था उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार कोविड महामारी के दौरान परिवहन निगम के चालकों व परिचालकों एवं अधिकारियों ने स्वयं के जीवन की परवाह न करते हुये प्रवासी प्रदेशवासियों को अपने तक पहुंचाने का कार्य किया। ठीक वैसे ही सूडान संकट के दौरान भी परिवहन निगम अपने उत्तरदायित्वों का पूरा-पूरा निर्वहन कर रहा है।

परिवहन मंत्री ने बताया कि सूडान से वापस आने वाले उत्तर प्रदेश के नागरिकों की सुविधा के लिए उन्हें अपने-अपने गृह जनपद तक पहुंचाने की व्यवस्था स्थानिक आयुक्त उप्र नई दिल्ली के निर्देशन में की गयी है। एयरपोर्ट से आने वाले नागरिकों को उनके गृह जनपद तक भेजे जाने एवं अन्य आवश्यक व्यवस्था जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, लखनऊ, गोरखपुर एवं वाराणसी द्वारा की गयी है। उन्होंने बताया कि दिल्ली के निकटवर्ती जनपद तक जाने वाले नागरिकों को जिला प्रशासन द्वारा उन्हें छोटी गाड़ियों से उनके गृह जनपद तक भेजने की व्यवस्था की गयी है। परिवहन मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश परिवहन निगम गाजियाबाद क्षेत्र द्वारा दो वाल्वो बसों की व्यवस्था की गयी है। एक बस दिल्ली से लखनऊ 26/ 27 की मध्य रात्रि को 36 यात्री लेकर रवाना की गयी है। इसी प्रकार दूसरी बस दिल्ली से मथुरा, आगरा, कानपुर, फतेहपुर एवं प्रयागराज होते हुए वाराणसी तक 27 यात्री लेकर रवाना की गयी है। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार से 28 अप्रैल को भी दो वोल्वो बसें दिल्ली एयरपोर्ट पर लगायी गयी है। परिवहन मंत्री ने बताया कि गाजियाबाद, लखनऊ, वाराणसी एवं गोरखपुर के क्षेत्रीय प्रबन्धकों को यह अभियान प्रारम्भ होते ही परिवहन निगम की बसों एवं छोटी वाहनों को आवश्यकतानुसार तत्काल उपलब्ध कराने एवं जिला प्रशासन गाजियाबाद, लखनऊ, वाराणसी एवं गोरखपुर से समन्वय स्थापित करने एवं आगामी दिनों में सूडान से पुन: उत्तर प्रदेश के नागरिकों के आने पर उच्च प्राथमिकता पर उन्हें उत्तर प्रदेश के अपने-अपने गृह जनपदों में सुरक्षित पहुँचाने के लिए जिला प्रशासन से लगातार संपर्क में रहने के निर्देशित किया गया है।
sudha jaiswal