लखनऊ। हीरालाल यादव ग्रुप आफ कॉलेजेज का रजत जयंती एवं दीक्षांत समारोह रविवार को सरोजनीनगर के गौरी स्थित हीरालाल यादव बालिका डिग्री कॉलेज में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सपा के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव और परमवीर चक्र से सम्मानित कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव ने हीरालाल यादव लॉ कॉलेज में नवनिर्मित मूट कोर्ट एवं सहदेव सिंह विधि पुस्तकालय का उद्घाटन करने के साथ ही दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि हम सभी रामकृष्ण और शिव को मानने वाले लोग हैं। हमारा देश धर्म के नाम पर नहीं बांटा जा सकता।
उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई रामायण प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि हम सभी को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के चरित्र को अपने जीवन में उतारना चाहिए। कार्यक्रम में संस्थापक / प्रबंधक श्याम किशोर यादव व राम सिंह यादव ने अपने पिता हीरालाल यादव द्वारा बालिकाओं की शिक्षा के क्षेत्र में किए गए अतुलनीय कार्यों का स्मरण किया। वहीं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) एपी सिंह ने विद्यालय समूह की वार्षिक प्रगति आख्या 2021-22 प्रस्तुत की।
इस दौरान स्कूल के बच्चों द्वारा विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। जिसमें हीरालाल यादव पब्लिक स्कूल द्वारा समूह नृत्य, बालिका इंटर कॉलेज द्वारा योगा आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, कला संकाय की छात्राओं द्वारा सफरनामा, हीरालाल यादव पब्लिक स्कूल बेंती की छात्राओं द्वारा लोक नृत्य, पब्लिक स्कूल सरोजनीनगर द्वारा रामायण का मंचन, लॉ कालेज द्वारा समूह नृत्य, टीचर एजुकेशन की छात्राओं द्वारा हुनरबाज, वाणिज्य संकाय द्वारा अंतर्द्वंद की प्रस्तुति, विज्ञान संकाय द्वारा सक्षम की प्रस्तुति, बीएससी (कृषि) द्वारा हरियाली से खुशहाली, डीएलएड की छात्राओं द्वारा पथ प्रदर्शक, और इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा होली समूह नृत्य प्रस्तुत कर मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका प्रेरणा का विमोचन भी किया गया।
इस मौके पर संयुक्त शिक्षा निदेशक षष्टमंडल लखनऊ सुरेंद्र कुमार तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक आलोक कुमार, एमएलसी दिलीप यादव, पूर्व विधायक अम्बरीश पुष्कर, सपा जिलाध्यक्ष जय सिंह जयंत और प्रबंध निदेशक इंजी. अनुराग के अलावा पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो (डॉ.) एपी सिंह, हीरालाल यादव लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार, हीरालाल यादव मेमोरियल ट्रस्ट ऑफ एजुकेशन की प्राचार्य डॉ. चित्रा त्रिपाठी, बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या प्रतिभा पांडेय, हीरालाल यादव पब्लिक स्कूल सरोजनीनगर की प्रधानाचार्या पूनम श्रीवास्तव, हीरालाल यादव पब्लिक स्कूल बेंती की प्रधानाचार्या सुनीता यादव, हीरालाल यादव प्राइमरी सेक्शन की प्रभारी शिवानी यादव व बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या प्रतिमा पांडेय मौजूद रही। कार्यक्रम का संचालन हीरालाल यादव मेमोरियल ट्रस्ट ऑफ एजुकेशन की प्राचार्य डॉ. चित्रा त्रिपाठी और बीएड विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. संजना मिश्रा द्वारा किया गया।
sudha jaiswal