वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी समीर पॉल के नेतृत्व में वाराणसी मंडल के कुल 17 रेल कर्मचारियों को सेवानिवृत्त विदाई दी गई। इसके साथ ही उनके समापक धनराशि कुल चार करोड़ अठ्ठावन लाख अठत्तर हजार चार सौ छाछठ रुपए (रु 4,58,78,466) का भुगतान किया गया।
वाराणसी मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके समापक के भुगतान का सर्टिफिकेट एवं सेवा मेडल प्रदान किया गया। सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अग्रिम जीवन हेतु शुभकामनाएं देते हुए सहायक कार्मिक अधिकारी आनंद कुमार ने कर्मचारियों की लम्बी एवं उल्लेखनीय सेवा के लिए आभार व्यक्त किया। सेवानिवृत होने वाले कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए मंडल कार्मिक अधिकारी विवेक मिश्रा ने सेवानिवृत कर्मचारियों को आई कार्ड, सेवा प्रमाण पत्र एवं पीपीओ सम्बन्धी सभी दस्तावेजों के विषय में विस्तार से बताया। साथ ही उन्हें समझाया कि वे अपनी प्राप्तियों का बहुत सोच समझ कर उपयोग करें। इस अवसर पर मंडल कार्मिक अधिकारी विवेक मिश्रा, सहायक कार्मिक अधिकारी, आनंद कुमार एवं कार्मिक विभाग के निरीक्षक व् कर्मचारी उपस्थित रहे।