Varanasi: रोहनिया थाना पुलिस और एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की संयुक्त टीम ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने 65.772 किलो अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये है। इस सिलसिले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने इस घटना में शामिल दो चारपहिया वाहन भी जब्त किए हैं। इसका खुलासा डीसीपी वरुणा ज़ोन चंद्रकांत मीणा ने गुरुवार को किया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गुरुवार को हेरिटेज हॉस्पिटल भदवर के पास अंडरपास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अजय आलोक मंडल (32 वर्ष), निवासी सोनारी, जमशेदपुर, झारखंड; मोहम्मद मंसूर आलम (35 वर्ष), निवासी गोलमुरी, जमशेदपुर, झारखंड; और चेतन मुखी (37 वर्ष), निवासी वर्मा माइन्स, जमशेदपुर, झारखंड शामिल हैं। उनके पास से 65.772 किलो गांजा, दो चारपहिया वाहन (फॉर्च्यूनर और मारुति डिजायर), चार मोबाइल फोन, दो आधार कार्ड और 970 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांजा सस्ते में खरीदकर स्थानीय बाजारों में अधिक मुनाफे के लिए बेचने की योजना बना रहे थे।
Varanasi: पुलिस और SOG टीम ने की कार्रवाई
इस ऑपरेशन में शामिल टीम में एसओजी के एसआई गौरव कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल ब्रह्मदेव सिंह, कॉन्स्टेबल रमाशंकर यादव, आलोक मौर्या, अंकित कुमार मिश्रा, प्रेम शंकर पटेल और पवन कुमार तिवारी शामिल थे। वहीं, रोहनिया पुलिस टीम में प्रशिक्षु एसआई विवेक कुमार शुक्ला, एसआई राज दर्पण तिवारी, एसआई जितेंद्र कुमार, एसआई गणेश दत्त त्रिपाठी, एसआई दिनेश सिंह, एसआई अनिल मिश्रा, कॉन्स्टेबल भूपेंद्र कुमार पाल और कॉन्स्टेबल अभिषेक पटेल ने भी हिस्सा लिया।