वाराणसी। चौबेपुर क्षेत्र के चंद्रावती के रहने वाले दो युवकों मेराज (18 वर्ष) व एखलाख (22 वर्ष) की बुधवार को चेन्नई के एक फैक्ट्री में बॉयलर फटने से मौत हो गई थी। शनिवार को उनका शव उनके गाँव पहुंचा तो कोहराम मच गया। मेराज के पिता आसिफ बेसुध होकर गिर पड़े। वहीं उसकी मां और बेहें रोते-रोते बेसुध हो जा रहीं थीं।
मेराज के पिता ने रोते-रोते कहा कि अभी 15 दिन पहले ही मेरा बेटा चेन्नई गया था। उस समय हम सब घर पर मौजूद नहीं थे। हमने उससे कहा कि बाबू हम आते हैं, तो मिल कर जाना, लेकिन मेराज इतना बताते हुए घर से चला गया कि अब्बू मेरा ट्रेन छूट जाएगा।

दूसरी ओर एकलाख के घर वाले सहित सगे संबंधियों का भी रो-रोकर बुरा हाल था। हर कोई परिजनों को हिम्मत व धैर्य से काम लेने की सांत्वना दे रहा था। गमगीन माहौल देख सबकी आंखे नम हो रही थी। शाम को दोनों युवकों का शव चंद्रावती स्थित कब्रगाह में दफना दिया गया।

