- वार्डाें सहित महापौर आरक्षण की अंतिम सूची जारी होने के बाद होगी घोषणा
राघवेन्द्र केशरी
वाराणसी। उत्तर प्रदेश निर्वाचन आयोग की ओर से इसी माह 14 दिसंबर को निकाय चुनावों का ऐलान किया जा सकता है। इससे पहले वार्डों सहित महापौर आरक्षण की अंतिम सूची भी जारी कर दिए जाने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। जबकि जनवरी के पहले या दूसरे सप्ताह तक मतनान और मतगणना की तिथि जारी की जा सकती है।
दरअसल पांच जनवरी तक 2017 निकाय का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। जिसके इर्द गिर्द चुनाव संपन्न कराने का दबाव है। इधर प्रदेश में उप चुनाव और विधानसभा का शीतकालीन सत्र भी समाप्त हो गया। जिससे चुनाव की घोषणाओं से जल्द पर्दा उठने की संभावनाएं तेज हो गई हैं। बता दें कि बीते एक और दो दिसंबर को नगर निगम और नगर पंचायतों के वार्डों का आरक्षण जारी हुआ था। जिसपर नौ दिसंबर तक आपत्ति और दावे मांगे गए हैं। इसके ठीक बाद पांच दिसंबर को 17 नगर निगमों के महापौर और 544 नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद के आरक्षण जारी किए गए। जिसपर 12 तक आपत्तियां और दावे मांगे गए हैं। अनुमान है कि 14 से पहले इन आरक्षणों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। इसी के तुरंत बाद निर्वाचन आयोग चुनाव के विस्तृत कार्यक्रमों का ऐलान कर सकता है।
राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज
निकाय चुनाव की तारीखों को लेकर निर्वाचन आयोग की ओर सभी की निगाहें टिकी हैं। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। राष्ट्रीय दलों के साथ स्थानीय दल तारीखों के ऐलान से पहले उम्मीदवारों की सूची तैयार करने में जुटे हैं। दूसरी ओर प्रशासनीक अधिकारियों की ओर से भी चुनाव संबंधी तैयारी तेज कर दी गई हैं। जिलों में बैठकें आयोजित कर चुनाव की रूपरेखा बनाई जा रही है। साथ ही अधिकारियों को इसके लिए जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।

