Varanasi: बाबा विश्वनाथ की नगरी में हिजबुल्लाह के प्रमुख हसन नसरल्लाह की मौत के बाद मुस्लिम समुदाय ने दारानगर की मरकज़ी शिया जामा मस्जिद में जनाजे की नमाज अदा की। बड़ी संख्या में लोग नसरल्लाह की तस्वीरें लेकर उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। नमाज के बाद मुस्लिम समाज ने नसरल्लाह की शान में कसीदे पढ़े और उनकी याद में एकजुटता का प्रदर्शन किया।
मुस्लिम समाज ने हाथों में नसरल्लाह के पोस्टर लेकर इजरायल के प्रति गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने वाराणसी से पूरी दुनिया को सन्देश दिया कि नसरल्लाह आतंकवादी नहीं शहीद है। दारानगर स्थित मरकज़ी शिया जामा मस्जिद में जुमे की नमाज के बाद बड़ी संख्या में मुस्लिम इकट्ठे हुए और नसरल्लाह को शहीद बताया।

Varanasi: इजरायल और ईरान के संघर्ष में नरसल्लाह की हुई थी मौत
ज्ञात हो कि नसरल्लाह की मौत इजरायल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के दौरान लेबनान पर हुए एक एयरस्ट्राइक में हुई थी। इस घटना के बाद से मुस्लिम समुदाय ने भारत में ही नहीं, बल्कि लखनऊ से लेकर पाकिस्तान तक विरोध प्रदर्शन किया है। कई देशों, जैसे अमेरिका और इजरायल, ने हिजबुल्लाह को आतंकी संगठन माना है, जबकि नसरल्लाह की मौत से मध्य पूर्व में तनाव और गहरा गया है।

