वाराणसी की छावनी स्थित 39 GTC में शनिवार सुबह कसम–परेड का आयोजन हुआ। अग्निपथ योजना के 06/25 बैच के 353 नवप्रशिक्षित अग्निवीरों ने पवित्र गीता पर हाथ रखकर देश की रक्षा, संविधान व राष्ट्रध्वज की मर्यादा बनाए रखने की शपथ ली। मैदान में गूंजती कदमों की आवाज, अनुशासन की दृढ़ झंकार और जवानों की आंखों में चमकता साहस—यह दृश्य हर दर्शक के लिए गर्व का क्षण बना।



कमांडेंट 39 GTC ने ली परेस की सलामी
इस दौरान मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर जयदीप चंदा (कमांडेंट, 39 GTC) ने परेड की सलामी लेते हुए जवानों के कठोर प्रशिक्षण, हौसले और अनुशासन की सराहना की और भविष्य में राष्ट्रसेवा के लिए हमेशा तत्पर रहने का संदेश दिया। इसके बाद कर्नल टी.बी. क्षेत्री, ट्रेनिंग बटालियन कमांडर ने परेड का निरीक्षण किया और ड्रिल, तैयारी व अनुशासन की प्रशंसा की। साथ ही कर्नल प्रदीप बेहरा (उप कमांडेंट) ने भी सभी अग्निवीरों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


सैन्य परंपरा के अनुसार दंडपाल अधिकारी ने सभी जवानों को शपथ दिलाई। परेड की औपचारिक अनुमति अग्निवीर आवाज राय ने प्राप्त की और पूरा आयोजन सुसंयमित ढंग से आगे बढ़ा। समारोह में मंच संचालन सुबेदार यशविंदर सिंह और इंद्रा थापा ने दक्षता के साथ किया, जिसकी सभी अधिकारियों व परिजनों ने सराहना की।

श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले अग्निवीर हुए सम्मानित
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिन जवानों को सम्मान मिला—
| श्रेणी | अग्निवीर |
| फायरिंग में सर्वश्रेष्ठ | संस्कृत छेत्री |
| रणकौशल में सर्वश्रेष्ठ | लियांगन लेप्चा |
| ड्रिल में सर्वश्रेष्ठ | अवाज राय |
| शारीरिक दक्षता में सर्वश्रेष्ठ | अरमान राय |
| जनरल एम.के. लाहिरी मेडल (द्वितीय समग्र सर्वश्रेष्ठ) | किरण प्रधान |
| समग्र सर्वश्रेष्ठ (ओवरऑल बेस्ट/गौरव तलवार) | आकाश सिंह |
सम्मान प्राप्त जवानों पर गर्व की लहर स्पष्ट दिखाई पड़ी। अधिकारियों, प्रशिक्षकों और परिजनों ने तालियों की गूंज के बीच इन युवा रक्षकों के उत्साह को और ऊंचा किया। कार्यक्रम के अंत में अधिकारी एवं जवान (GTC) यादगार ग्रुप फोटोग्राफी के लिए एक साथ कैमरे में कैद हुए।



