भारतीय जनता पार्टी (BJP) को नया राष्ट्रीय नेतृत्व मिल गया है। वरिष्ठ नेता नितिन नबीन ने मंगलवार को औपचारिक रूप से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभाल लिया। पार्टी के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने उनके नाम की घोषणा की। इसके साथ ही नितिन नबीन भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए। इस अवसर पर नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में भव्य समारोह आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत पार्टी के शीर्ष नेता उपस्थित रहे।

नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को बधाई देते हुए संगठन की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठनात्मक सफर प्रेरणादायक रहा है और पार्टी ने शून्य से शिखर तक की यात्रा तय की है। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि वे स्वयं को सबसे पहले एक कार्यकर्ता मानते हैं और पार्टी के मामलों में नितिन नबीन अब उनके ‘बॉस’ हैं। इस टिप्पणी पर कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने तालियों के साथ स्वागत किया।
उनका नेतृत्व bjp के भविष्य को और मजबूत करेगा
प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा (BJP) एक नए दौर में प्रवेश करेगी और संगठन नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने नबीन के अनुभव, ऊर्जा और संगठनात्मक क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि उनका नेतृत्व पार्टी के भविष्य को और मजबूत करेगा।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और संगठन पर्व के राष्ट्रीय रिटर्निंग ऑफिसर डॉ. के. लक्ष्मण मंच पर मौजूद रहे। नितिन नबीन के पदभार ग्रहण के साथ ही वे BJP के इतिहास में इस पद को संभालने वाले सबसे कम उम्र के नेताओं में शामिल हो गए।
प्रक्रिया पारदर्शी और लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा में संगठनात्मक प्रक्रिया पूरी तरह लोकतांत्रिक और संविधान की भावना के अनुरूप रही है। उन्होंने बताया कि बीते कई महीनों से संगठन पर्व के तहत बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन तक की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुई है, जिसका आज औपचारिक समापन हुआ।
प्रधानमंत्री ने BJP की संगठनात्मक यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में पार्टी ने मजबूत नींव रखी। इसके बाद वेंकैया नायडू, नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह, अमित शाह और जे.पी. नड्डा जैसे अध्यक्षों के नेतृत्व में पार्टी ने देश के अधिकांश हिस्सों में विस्तार किया और सरकारें बनाईं।
उन्होंने कहा कि 21वीं सदी के अगले 25 वर्ष भारत के लिए निर्णायक होंगे, जब विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य पूरा किया जाना है। इस महत्वपूर्ण दौर में नितिन नबीन भाजपा (BJP) की वैचारिक विरासत को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने नबीन को मिलेनियल पीढ़ी का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि वे सामाजिक, आर्थिक और तकनीकी बदलावों के साक्षी रहे हैं, जो संगठन को नई दिशा देने में सहायक होंगे।

