पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की वाराणसी इकाई ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 2 किलो 500 ग्राम चरस बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 7 लाख रुपये आंकी जा रही है। पकड़ा गया तस्कर बिहार के मधुबनी जिले का निवासी है, जो वाराणसी के भेलूपुर क्षेत्र में रहकर नशे के कारोबार को अंजाम दे रहा था।
वाराणसी ANTF यूनिट को किया गया सक्रिय
ANTF अधिकारियों के अनुसार, बिहार से मादक पदार्थ लाकर वाराणसी और पूर्वांचल के अन्य इलाकों में सप्लाई किए जाने की लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। इसी क्रम में वाराणसी ANTF यूनिट को सक्रिय किया गया और पिछले कई महीनों से संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भेलूपुर क्षेत्र में रहने वाला एक व्यक्ति बिहार से चरस लाकर वाराणसी में बेच रहा है।
ANTF टीम का नेतृत्व कर रहे उपनिरीक्षक आदित्य नारायण सिंह ने बताया कि जांच में आरोपी की पहचान विनोद कुमार गुप्ता के रूप में हुई, जो वर्तमान में मकान संख्या एन-16/110, विनायका, थाना भेलूपुर में रह रहा था, जबकि उसका स्थायी पता गंधवार, थाना सकरी, जिला मधुबनी (बिहार) है। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने बीती रात पद्मश्री चौराहे से पहले मिन्ट गार्डेन मार्ग पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास मौजूद टीवीएस स्कूटी की डिग्गी से ढाई किलो चरस बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह पिछले कई महीनों से बिहार से एक अज्ञात व्यक्ति के जरिए चरस लाकर वाराणसी में स्टॉक करता था और फिर छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचता था। उसने बताया कि तस्करी से मिलने वाले पैसों से वह अपने शौक पूरे करता था और स्कूटी के जरिए ही बिहार से वाराणसी आना-जाना करता था। फिलहाल पुलिस और ANTF की टीम आरोपी से पूछताछ कर इस नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

