Varanasi: वाराणसी–लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 31 के बाबतपुर–जमालपुर मार्ग के पास रोड क्रॉसिंग कट को महीनों पहले बनाया गया। वहीं खुदाई कर मलबों को छोड़ दिया गया। जिसके कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संबंधित कार्य भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा कराया गया था, लेकिन अधूरा कार्य अब दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है।

स्थानीय (Varanasi) ग्रामीणों के अनुसार महीनो पहले शाम के समय एनएचएआई के कर्मचारी जेसीबी लेकर पहुंचे और इंडियन ऑयल बॉटलिंग प्लांट तथा आरटीओ कार्यालय जाने वाले सर्विस रोड के पास सड़क को खोदकर छोड़ दिया। यह कट वाराणसी (Varanasi) से आने वाले लोगों के लिए जमालपुर, रमईपट्टी और आरटीओ कार्यालय पहुंचने का सबसे सुगम मार्ग था। खुदाई के कारण सड़क पर मलबा फैला हुआ है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन अक्सर फंस जाते हैं और बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

Varanasi: क्या है पूरा मामला
खुदाई के अगले दिन जब एनएचएआई कर्मी क्रॉसिंग को पूरी तरह बंद करने पहुंचे तो स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध किया। मामले की जानकारी मिलने पर चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह ने एनएचएआई को पत्र लिखकर क्रॉसिंग बंद किए जाने का कारण पूछा। जवाब में एनएचएआई ने बताया कि इस स्थान पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, इसलिए इसे बंद करने का निर्णय लिया गया है।

बाद में सांसद के हस्तक्षेप के बाद निर्णय लिया गया कि पूरी क्रॉसिंग बंद करने के बजाय 15 फीट का मार्ग छोड़ा जाएगा, ताकि छोटे वाहन निकल सकें और बड़े वाहन अवैध रूप से प्रवेश न कर सकें। हालांकि एक माह बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है।

इस संबंध में एनएचएआई के साइट इंजीनियर कन्हैयालाल गुप्ता ने बताया कि विभाग को पत्र प्राप्त हो चुका है और शीघ्र ही निर्माण कार्य पूरा कर मार्ग को सुचारु कर दिया जाएगा। ग्रामीणों ने जल्द समाधान की मांग की है, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और आवागमन सुरक्षित हो सके।

