टीवी जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, लोकप्रिय अभिनेता पंकज धीर (Pankaj Dheer) जिन्होंने बी.आर. चोपड़ा की प्रसिद्ध टीवी सीरीज़ महाभारत में कर्ण का यादगार किरदार निभाया था, अब इस दुनिया में नहीं रहे। आज 15 अक्टूबर को उनका निधन हो गया। पंकज धीर की मौत की पुष्टि उनके करीबी दोस्त और अभिनेता अमित बहल ने की।

सूत्रों के अनुसार, पंकज धीर (Pankaj Dheer) पिछले कुछ समय से कैंसर से जूझ रहे थे। कुछ साल पहले उन्होंने इस बीमारी पर जीत हासिल की थी, लेकिन हाल के महीनों में कैंसर ने दोबारा दस्तक दी। हालत बिगड़ने पर उन्होंने एक बड़ी सर्जरी भी कराई, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

उनके निधन की खबर से टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर उनके चाहने वाले और साथी कलाकार भावुक संदेशों के साथ उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
Pankaj Dheer: महाभारत से मिली पहचान
पंकज धीर ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत फिल्मों से की थी, लेकिन उन्हें पहचान मिली बी.आर. चोपड़ा के ऐतिहासिक शो महाभारत (1988) से। इस शो में उन्होंने कर्ण की भूमिका निभाई थी, जिसे आज भी दर्शक याद करते हैं।

दिलचस्प बात यह है कि शुरुआती दिनों में पंकज धीर ने अर्जुन के किरदार के लिए ऑडिशन दिया था और कॉन्ट्रैक्ट भी साइन कर लिया था। पर जब निर्माताओं ने उनसे बृहन्नला के रोल के लिए मूंछें हटाने को कहा, तो उन्होंने मना कर दिया। इस बात पर बी.आर. चोपड़ा नाराज हो गए और उन्हें स्टूडियो से निकाल दिया गया। छह महीने तक वे बेरोजगार रहे, लेकिन बाद में किस्मत ने करवट ली — उन्हें कर्ण का रोल मिला, और वही किरदार उनकी पहचान बन गया।
टीवी और फिल्मों में यादगार सफर
महाभारत के बाद पंकज धीर (Pankaj Dheer) ने कई लोकप्रिय धारावाहिकों में काम किया, जिनमें चंद्रकांता और द ग्रेट मराठा जैसे शो शामिल हैं। उन्होंने हिंदी सिनेमा में भी कई हिट फिल्मों में अभिनय किया — सोल्जर, बादशाह, सड़क, युगंधर जैसी फिल्मों में उनका सशक्त अभिनय दर्शकों को खूब पसंद आया।
पंकज धीर अपने पीछे पत्नी अनीता धीर और बेटे निकितिन धीर को छोड़ गए हैं। निकितिन खुद एक जाने-माने अभिनेता हैं और फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस में उन्होंने “थंगाबली” का किरदार निभाकर पहचान बनाई थी। वे श्रीमद रामायण में रावण की भूमिका के लिए भी सराहे गए। निकितिन की पत्नी कृतिका सेंगर भी टीवी जगत की जानी-मानी अभिनेत्री हैं।

