- 16 मई को बैठक कर आगे की रूपरेखा होगी तय, प्रोजेक्ट को निरस्त करने की मांग
वाराणसी। कचहरी स्थानांतरण को लेकर अधिवक्ताओं का हड़ताल बुधवार का स्थगित हो गया। इस प्रकरण पर अधिवक्ता 16 को बैठक कर नई रणनीति पर काम करेंगे। इसके पहले अधिवक्ताओं ने पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए परिसर में जुलूस निकालकर धरना-प्रदर्शन किया और विरोध दर्ज कराया।
बनारस बार एसोसिएशन के सभागार में बनारस व सेंट्रल बार एसोसिएशन की संयुक्त बैठक आहूत की गई। बैठक में एक स्वर में अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर को संदहा स्थानांतरित किये जाने के निर्णय पुरजोर विरोध करते हुए इस निर्णय की निंदा की। बैठक में वक्ताओं ने अपने-अपने विचार व्यक्त किये। बैठक में अधिवक्ताओं के विचार जानने के बाद यह निर्णय लिया गया कि बार एसोसिएशन की ओर से एक पत्र जिलाधिकारी को भेजा जाएगा।
उक्त पत्र में जिलाधिकारी से मांग की गई है कि वह 16 मई तक संदहा मे कचहरी स्थानांतरित किये जाने के प्रोजेक्ट को निरस्त कर उसके निरस्तीकरण का आदेश अधिवक्ताओं को भेजें। साथ ही टैब तक के लिए अधिवक्ताओं की हड़ताल स्थगित करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। साथ ही ऐसा नही करने पर 16 मई को पुन: अधिवक्ताओं की बैठक होगी, जिसमें आगे की रणनीति तय की जायेगी। बैठक की अध्यक्षता बनारस व सेंट्रल बार अध्यक्षद्वय रामप्रवेश सिंह व प्रभुनाथ पांडेय तथा संचालन महामंत्रीद्वय प्रदीप राय व शशिकांत दूबे ने किया। बैठक में सैकड़ो अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

