Varanasi: यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने वाराणसी में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला और वोट चोरी का मुद्दा उठाते हुए बड़ा खुलासा करने का दावा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी जल्द ही बिहार से एक ऐसा खुलासा करेंगे, जो हाइड्रोजन बम की तरह धमाका करेगा और उसकी गूंज दिल्ली तक सुनाई देगी।
Varanasi: “वाराणसी है वोट चोरी का सबसे बड़ा उदाहरण“
अजय राय ने कहा कि लोकसभा चुनाव की मतगणना के दौरान वाराणसी में जनता को अपडेट देना बंद कर दिया गया और मीडिया से जानकारी छुपाई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय डीएम और बाद में कमिश्नर रहे आईएएस अफसर कौशल शर्मा ने पीएम मोदी को जिताने के लिए वोट चोरी कराई और इसके इनाम के तौर पर उन्हें दिल्ली में सीईओ बना दिया गया।
“भ्रष्ट अफसरों को इनाम, छात्रों पर लाठियां“
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष (Varanasi) ने गृह सचिव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके इशारे पर छात्रों पर लाठियां चलवाई गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार उन अफसरों को आगे बढ़ा रही है जिन्होंने उनके लिए चुनाव में गड़बड़ी की।
अजय राय ने चेतावनी देते हुए कहा कि राहुल गांधी के आगामी खुलासों से भाजपा नेताओं की नींद उड़ जाएगी। उन्होंने कहा– “माधेपुरा में एटम बम फूटा था, अब जल्द ही हाइड्रोजन बम फटेगा। यह सिर्फ बिहार में नहीं, वाराणसी (Varanasi) में भी गूंजेगा। भाजपा के सांसद और विधायक अपनी कुर्सी बचाने में परेशान हो जाएंगे।”
उन्होंने भाजपा पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब जीत नहीं मिल पा रही, तो भाजपाई हिंसा और उपद्रव कर रहे हैं। बिहार समेत कई जगहों पर कांग्रेस कार्यालयों में तोड़फोड़ और कार्यकर्ताओं से मारपीट की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की हार तय है, चाहे जितना जोर आजमा लिया जाए।

