वाराणसी। आकांक्षा दुबे केस (Akanksha Dubey Case) में समर सिंह की गिरफ़्तारी के बाद से रोज नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस ने अब इस केस की जांच शुरु कर दी है। अब इस केस में एक नए चेहरे का नाम सामने आया है। इस केस में पुलिस ने पूछताछ के लिए एक्ट्रेस अनुराधा सिंह को तलब किया है।
जानकारी के अनुसार, मुंबई की रहने वाली एक्ट्रेस अनुराधा सिंह पर आरोप है कि आकांक्षा की मौत के बाद उन्होंने जल्दीबाजी में शव का अंतिम संस्कार करा दिया था। जिसके बाद वह संदेह के घेरे में आ गई थीं।
आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे ने अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी के द्वारा प्रार्थना पत्र देकर पुलिस से पूछताछ करने की गुहार लगाई थी। जिसे संज्ञान में लेते हुए वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र की पुलिस ने अनुराधा सिंह को नोटिस देकर तलब किया है। आकांक्षा की मां ने वाराणसी पुलिस को दिए पत्र में आरोप लगाया था कि अनुराधा सिंह ने जल्दीबाजी में आकांक्षा दुबे के शव का अंतिम संस्कार कराया और आकांक्षा दुबे के मोबाइल को अपने पास रखा। आकांक्षा के मोबाइल पर कोई रिश्तेदार फ़ोन करता, तो वे उसे डिसकनेक्ट कर देती थीं। इसी कारण से अनुराधा पर शक की सुई टिकी हुई है।

