वाराणसी। भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे के सुसाइड केस (Akanksha Dubey Sucide Case) में बड़ा अपडेट सामने आया है। एक ओर जहां पुलिस एक्ट्रेस के मौत के वजहों की तलाश कर रही है, वहीं बेटी के मौत की खबर पाकर वाराणसी पहुंचे परिजनों ने एक्टर समर सिंह पर बड़ा आरोप लगाया है।
आकांक्षा दुबे की मां ने भोजपुरी सिंगर समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है और उनके खिलाफ सारनाथ थाने में तहरीर दी है। आकांक्षा की मां ने समर सिंह और उनके बड़े भाई संजय सिंह पर कई बड़े और गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने मेरी बेटी को बीते 21 मार्च को मर्डर की धमकी दी गई थी। मां ने कहा कि समर सिंह चाहता था कि आकांक्षा सिर्फ उसके साथ काम करें, वो अगर किसी के साथ काम करने जाती थी तो दोनों में इस बात को लेकर कई बार बहस भी हुई थी।
समर ने जो काम कराया, पैसा नहीं दिया
उन्होंने आगे बताया कि समर सिंह ने जो भी अपना काम करवाया, उसका आज तक पैसा नहीं दिया। आरोप लगाते हुए कहा कि वो मेरी बेटी को मारता पीटता था। उसके साथ गाली गलौज करता था। आकांक्षा की मां ने कहा मेरी बेटी को इंसाफ चाहिए। मेरी लड़की इतना संघर्ष करके यहां तक पहुंची और अचानक से यह कदम उठा ले, मैं मान ही नहीं सकती, वह खुदकुशी नहीं कर सकती। मां ने कहा कि जिस तरह की तस्वीरें सामने आई हैं, क्या कोई बैठ कर फांसी लगा सकता है ? मेरी बेटी ने फांसी नहीं लगाई है, वह खुदकुशी नहीं कर सकती है।

नशीला पदार्थ खिलाया गया
वहीं आकांक्षा के चाचा ने कहा कि मैं जितना आकांक्षा को जानता हूं, वह कभी भी खुदकुशी जैसा कदम नहीं उठा सकती है। उसको इस लेवल तक टॉर्चर किया गया है कि उसने यह कदम उठाया होगा। चाचा ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसके फोटोज और वीडियोज देख कर लग रहा है कि उसे किसी प्रकार का नशीला पदार्थ खिलाकर उसके बाद उसके गले में फंदा लगाकर लटकाया गया है। हमें एकदम नहीं लग रहा है कि उसे सुसाइड किया है हमें हत्या की आशंका है।
भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे के मौत के बाद से भोजपुरी इंडस्ट्री में शोक का माहौल है। इंडस्ट्री के लोग पूरी तरह से स्तब्ध हैं। सभी एक्ट्रेस को अपने तरीके से श्रद्धांजलि दे रहे हैं। दूसरी ओर पुलिस एक्टर और सिंगर समर सिंह की तलाश कर रही है। जो कि फरार चल रहे हैं। आकांक्षा की मां की तहरीर के आधार पर पुलिस समर को पकड़ने में जुट गई है। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे सुसाइड ही मान रही है, लेकिन बावजूद इसके पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार भी कर रही है। जिसके बाद इस घटना का खुलासा हो सकेगा।