कानपुर देहात में शुक्रवार को पहुंचे समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि BJP के भीतर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा। “सुना है वहां अंदर ही अंदर जूते और मार-पिटाई चल रही है। एक-दूसरे को नीचे दिखाने की होड़ मची है। जो चाहे हमारे पास आ जाए, वैकेंसी मिल गई तो जगह भी दे देंगे,” अखिलेश ने चुटकी लेते हुए कहा।
हालांकि अखिलेश (Akhilesh Yadav) ने किसी नेता का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि उनका निशाना उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पर हो सकता है। कारण यह कि बिहार चुनाव के दौरान पटना एयरपोर्ट पर दोनों की मुलाकात के बाद ही सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हुई थीं।
INDI गठबंधन साथ उतरेगा मैदान में– Akhilesh Yadav
यह पूछे जाने पर कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा अकेले लड़ेगी या नहीं, अखिलेश ने स्पष्ट कहा कि INDI गठबंधन यूपी में मिलकर चुनाव लड़ेगा। इस दौरान वे मूसानगर में मुलायम सिंह यादव की स्मृति में बने निजी इंटर कॉलेज सभागार के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद वे फतेहपुर बिंदकी गए जहां उन्होंने शादी से ठीक पहले आत्महत्या करने वाले लेखपाल सुधीर कुमार के परिवार से मुलाकात की। परिवार का आरोप है कि अधिकारियों के दबाव के चलते सुधीर ने जान दी।
वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया पर पलटवार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश ने कहा— “जो खुद माफिया की राजनीति चलाते हैं, वो दूसरों को क्या माफिया कहेंगे? BJP तो एनकाउंटर माफिया है।” उन्होंने झांसी की घटना का भी जिक्र किया, जहां एक युवक की हत्या के बाद उसकी पत्नी ने न्याय न मिलने पर जान दे दी थी।
अखिलेश (Akhilesh Yadav) ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में अपराध और अवैध कारोबार की नई परतें खड़ी हो गई हैं। उनके अनुसार कफ सिरप माफिया, पेपर लीक माफिया, स्क्रैप माफिया इन सबने युवाओं, किसानों और व्यापारियों को संकट में डाल दिया है।
उन्होंने विकास दुबे एनकाउंटर पर भी सवाल दोहराया और पूछा कि “वह गाड़ी सच में पलटी थी या सरकार ने पलटवाई थी? टेक्नोलॉजी खुद सच बोल देगी।”

