Varanasi: श्री काशी विश्वनाथ धाम में अक्षयवट हनुमान की जयंती पूरे श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाई गई। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा और पूरा धाम ‘जय श्री राम’ के जयघोष से गूंज उठा।
Varanasi: हनुमान लला का हुआ आकर्षण श्रृंगार
प्रातःकाल हनुमत लला का विधिवत पंचामृत स्नान कराया गया। इसके बाद तेल और सिंदूर का लेपन कर उन्हें नूतन वस्त्र धारण कराए गए। पंडित राजू पांडेय द्वारा गेंदा, तुलसी और कुंद सहित सुगंधित पुष्पों की मालाओं से आकर्षक शृंगार किया गया।

भगवान को रजत मुकुट पहनाकर विविध प्रकार के मिष्ठान और फलों का भोग अर्पित किया गया। मंदिर (Varanasi) के महंत नील कुमार मिश्रा ने विधिवत महाआरती संपन्न कराई, जिसके बाद श्रद्धालुओं के लिए कपाट खोल दिए गए।
हर वर्ष की तरह इस बार भी हनुमान जयंती के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अक्षयवट हनुमान (Varanasi) के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। मंदिर प्रशासन द्वारा व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखी गईं, जिससे भक्तों को दर्शन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। महाआरती के बाद भक्तों में लड्डू का प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर महंत बच्चा पाठक, रमेश गिरी, राजू पाठक और अंकित मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

