कानपुर। उत्तर भारत समेत देश के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 1।08 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यूपी के कई जिलों में मौसम विभाग के ओर से अलर्ट जारी किया गया है।
एक ओर जहां ठंड के कारण विजिबिलिटी डाउन हो गई है। जिससे दुर्घटनाएं बढ़ी हैं। वहीँ दूसरी ओर ठंड के कारण कानपुर में हार्ट अटैक मरीजों की संख्या काफी तेजी से बढ़ी है। कानपुर के हार्ट इंस्टिट्यूट में हार्ट के मरीजों की संख्या अचानक से बढ़ गई है। गुरुवार को इंस्टिट्यूट में 24 घंटे में 7 मरीजों की मौत हो गई। वहीँ कानपुर शहर में हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक से 25 मरीजों की मौत हो गई है।
24 घंटे में 723 मरीजों का किया गया ईलाज
जानकारी के मुताबिक, यूपी में पहली बार इतनी तेजी से हार्ट के केस बढ़े हैं। पिछले 24 घंटे के अंदर 723 मरीजों को ईलाज के लिए लाया गया। इनमें 40 मरीजों की हालत गंभीर रही, जिन्हें एडमिट किया गया। साथ ही 39 मरीजों को ऑपरेशन थिएटर ले जाना पड़ा। जहां ईलाज के दौरान 7 मरीजों की मौत हो गई। पूरे कानपुर शहर में 24 घंटे में हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक से मौत हुई है। कई मरीज तो इलाज के लिए अस्पताल नहीं पहुंच पाए, रास्ते में अथवा घर पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स
एक्सपर्ट्स के अनुसार, ठंड में ब्लड प्रेशर बढ़ता है। ठंड के कारण धमनियों में रक्त का थक्का जमने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। जो कि हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक जैसी बीमारियों को बढ़ावा देती हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। तुरंत उपचार न मिलने पर मरीज की मौत भी हो सकती है।