अरुणाचल प्रदेश के तवांग में भारत – चीन सैनिकों के झड़प होने की खबर आ रही है। जानकारी के अनुसार, दोनों ओर के सैनिक जख्मी हैं। अरुणाचल प्रदेश में झड़प 9 दिसंबर 2022 की सुबह लगभग 3 बजे पूर्वी तवांग में यांग्त्से के पास हुई थी। सैन्य सूत्रों के अनुसार, LAC का यह हिस्सा दोनों पक्षों के बीच विवादित क्षेत्रों में से एक है। LAC के पास एक नाले के दोनों ओर भारतीय और चीनी सैनिक तैनात हैं, लेकिन उस रात लगभग 300 चीनी सैनिक भारतीय पक्ष में आ गए। दोनों तरफ के सैनिकों ने एक-दूसरे को लाठी और डंडों से पीटा।
सीमा उल्लंघन के बारे में कोई चेतावनी नहीं दी गयी थी। अचानक संतरी पर हमला होने की आवाज सुनकर करीब 70 से 80 भारतीय सैनिक घुसपैठियों को पीछे धकेलने के लिए रात के अंधेरे में तेजी से जुट गए। सूत्रों के मुताबिक झड़प के दौरान कई घंटे लाठियां और डंडे चलीं।
हमारे सैनिक सुरक्षित : रक्षामंत्री
इस मुद्दे पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि दोनों ओर के सैनिकों को चोट आई है। हमारे किसी भी सैनिक की न तो मृत्यु हुई है और न ही कोई गंभीर रूप से घायल हुआ है। समय से हमारे हस्तक्षेप के कारण चीनी सैनिक भाग गए। इसके बाद लोकल कमांडर ने 11 दिसंबर को चाइनीज काउंटर पार्ट के साथ व्यवस्था के तहत फ्लैग मीटिंग की। चीन को ऐसे एक्शन के लिए मना किया गया और शांति बनाए रखने को कहा।