Azamgarh News: उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जिले में देर रात हुई मुठभेड़ में पुलिस ने एक शातिर पशु तस्कर को ढेर कर दिया। यह एनकाउंटर रौनापार थाना क्षेत्र के जोकहरा गांव के पास छोटी सरयू नदी किनारे हुआ, जहां लखनऊ एसटीएफ, आज़मगढ़ स्वाट टीम और सिधारी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश वाकिफ को मार गिराया गया।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुरुवार देर रात सूचना मिली थी कि कुछ पशु तस्कर छोटी सरयू नदी के रास्ते से गुजरने वाले हैं। सूचना पर तीनों टीमों (Azamgarh News) ने इलाके में घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जवाबी फायरिंग में एक तस्कर गोली लगने से मौके पर ही ढेर हो गया, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
Azamgarh News : 50 हजार रुपये का इनाम था घोषित
पुलिस ने बताया कि मारा गया बदमाश वाकिफ आज़मगढ़ के साथ-साथ गोरखपुर, कुशीनगर, जौनपुर और संत कबीर नगर जिलों में गौ तस्करी, लूट, चोरी और हत्या जैसे गंभीर अपराधों में वांछित था। उसके खिलाफ 67 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। इन सब मामलों को देखते हुए पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
घटनास्थल (Azamgarh News) से एक देशी असलहा, जिंदा कारतूस और खाली खोखे बरामद किए गए हैं। फरार बदमाशों की तलाश के लिए एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

