Bhadohi: जिले में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए लूट की वारदातों में वांछित 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश शिवम भारती पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि शिवम सुबह हुई मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हुआ था और उसी दिन शाम को न्यायालय में पेशी के बाद पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल हो गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार तड़के थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान मुठभेड़ के बाद शिवम भारती निवासी प्रयागराज को उसके साथी मोनू तिवारी के साथ गिरफ्तार किया था। मुठभेड़ (Bhadohi) के दौरान शिवम के पैर में गोली लगी थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस उसे सिविल जज (सीनियर डिवीजन) अनामिका चौहान की अदालत में पेशी के लिए ले गई।
Bhadohi: पुलिस को चकमा देकर फरार
पेशी के बाद जब घायल बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में वापस ले जाया जा रहा था, तभी उसने किसी मौके का फायदा उठाकर पुलिस (Bhadohi) को चकमा दिया और फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। देर रात तक न्यायालय परिसर और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया और नाकाबंदी कर दी गई।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक शिवम भारती लूट की कई घटनाओं में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसके फरार होने से कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि फरार बदमाश की तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और देर रात तक सर्च ऑपरेशन जारी रहा। एसपी ने भरोसा दिलाया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

