BHU: बिहार के पटना पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. बीएचयू के बिड़ला ए छात्रावास के पास हत्या की नीयत से चार राउंड फायरिंग करने के आरोपीयों में से तीन की गिरफ्तारी हो गयी है, जबकि 2 आरोपी अभी भी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों पर 25-25 हजार रूपये का इनाम भी है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 32 बोर का पिस्टल भी बरामद किया है।

सर्विलांस से मिले इनपुट और सीडीआर की मदद से पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन बिहार के पटना स्थित सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में ट्रेस की। तीनों अपने मित्र के यहां किराये के कमरे में ठहरे हैं। पुलिस ने दबिश देकर गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान पीयूष तिवारी निवासी रोहतास, बिहार, ऋषभ राय और तपस राय निवासी कैमूर बिहार के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार आरोपियों ने 22 फरवरी को बीएचयू (BHU) में बिड़ला ए छात्रावास के पास रोशन मिश्रा और उसके साथियों पर जान से मारने की नीयत से चार राउंड फायरिंग की थी। इस मामले में पीड़ित रोशन मिश्रा ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
BHU: रंजिश में चार राउंड फायरिंग
पूछताछ में मुख्य आरोपी पीयूष तिवारी ने बताया कि वह बीएचयू (BHU) में एमए प्रथम वर्ष का छात्र है। उसका रोशन मिश्रा और उसके साथियों से विवाद हुआ था। रोशन मिश्रा और उसके साथियों ने उसकी पिटाई की थी। इसी रंजिश में उसने अपने दोस्त ऋषभ राय और तपस राय के साथ मिलकर रोशन मिश्रा और उसके साथियों पर चार राउंड फायरिंग की थी।
घटना (BHU) के बाद सभी आरोपी बिहार में अलग-अलग जगहों पर छिपकर रह रहे थे। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्रकरण में शामिल दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

