प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में BJP के संगठन चुनाव ने रफ्तार पकड़ ली है। मंडल अध्यक्षों की सूची जारी होने के बाद अब बड़े पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है। गुरुवार को भाजपा जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया जाएगा।
चुनाव प्रक्रिया की देखरेख के लिए पर्यवेक्षक सुब्रत पाठक वाराणसी पहुंच चुके हैं। बुधवार रात उन्होंने सर्किट हाउस में कई BJP कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस बीच, जिला और महानगर कार्यालयों में नामांकन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
BJP: शुरू हो गया नामांकन का चरण
जिला संगठन के चुनाव अधिकारी अशोक कटारिया और महानगर चुनाव अधिकारी पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने बताया कि मंडल चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के बाद अब जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष पद के लिए नामांकन का चरण शुरू हो गया है।
नामांकन प्रक्रिया 9 जनवरी को दोपहर 12 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चलेगी। जिलाध्यक्ष पद के लिए नामांकन रोहनिया स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय पर होगा, जबकि महानगर अध्यक्ष पद के लिए गुलाब बाग स्थित भाजपा कार्यालय पर नामांकन किया जाएगा।
चुनाव में वे कार्यकर्ता हिस्सा ले सकते हैं, जो पार्टी के निर्धारित मानकों को पूरा करते हुए कम से कम दो बार सक्रिय सदस्य रह चुके हों। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी दस्तावेज और नामांकन पत्र प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय को भेजे जाएंगे।
Comments 2