Chandauli: चंदौली जनपद में कंदवा थाना क्षेत्र के परसिया गांव के समीप गुरुवार की देर रात तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो पेड़ से टकराकर नहर में गिर गयी। बोलेरो की रफ्तार इतनी तेज थी कि इस दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए और पूरा वाहन दो हिस्सों में बंट गया। हादसे में बोलेरो सवार तीन युवकों की मौके पर मौत हो गयी। वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। वहीं शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज आगे की कार्यवाही में जुट गयी।
जानकारी के मुताबिक, चंदौली के तेजोपुर सैयदराजा निवासी 26 वर्षीय गुड्डू यादव बोलरो से अपने चार मित्रों के साथ गुरुवार की सुबह चहनियां रामगढ़ बाबा कीनाराम मठ में दर्शन-पूजन करने गये थे। दर्शन करने के बाद देर रात सभी बोलेरो से घर वापस आ रहे थे। वाहन को गुड्डू यादव चला रहा था। इस दौरान परसिया गांव के समीप तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गयी और सड़क किनारे पेड़ से सीधी टकराने के बाद नहर में पलट गयी।
Chandauli: चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत
इस घटना में चालक गु्ड्डू यादव सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जिसमें तेजोपुर सैयदराजा निवासी 26 वर्षीय गुड्डू यादव, 24 वर्षीय भोला यादव निवासी भानपुर भभुआ बिहार, 28 वर्षीय सोनू यादव निवासी भानपुर भभुआ बिहार शामिल रहे। वहीं 22 वर्षीय सुशील यादव निवासी भानपुर भभुआ बिहार व 26 वर्षीय राहुल यादव नरमा भभुआ बिहार दोनों घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। मौके पर हालत गंभीर होने पर वाराणसी ट्रामा सेन्टर रेफर कर दिया गया।
कंदवा थानाध्यक्ष सलिल स्वरूप आदर्श ने बताया कि सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है। जबकि दो घायलों का वाराणसी ट्रामा सेन्टर में इलाज चल रहा है।

