Chandauli: चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार रात एक सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई, जिससे परिवार में शोक की लहर फैल गई।
मढ़िया गांव के निवासी आलोक त्रिपाठी का 22 वर्षीय पुत्र श्रेयांश किसी काम से मुगलसराय गया था और रात को घर लौटते समय डांडी गांव के पास पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने की कोशिश में था, लेकिन आसपास के लोगों ने ट्रक को पकड़ लिया। हालांकि, चालक भागने में सफल हो गया।
सूचना मिलते ही जलीलपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Chandauli: परिवार की खुशियों पर लगा ग्रहण
श्रेयांश त्रिपाठी स्नातक का छात्र था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक बड़ी बहन संभवि त्रिपाठी है। पिता आलोक त्रिपाठी बहादुरपुर रोड पर यूनियन बैंक के मिनी बैंक का संचालन करते हैं, जिसमें श्रेयांश पढ़ाई के साथ-साथ उनकी मदद करता था। मां आंगनबाड़ी में कार्यरत हैं। बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां का बार-बार बेहोश होना और पिता का रो-रोकर बुरा हाल होना पूरे माहौल को और भी गमगीन बना रहा है।

