Chaubepur News: चौबेपुर थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार के एसबीआई बैंक के नजदीक बुधवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया। चौबेपुर थाने में तैनात कांस्टेबल अपने बेटी काव्या के साथ अपने भाई के घर पांडेयपुर जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे, तभी गाजीपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने बच्ची को टक्कर मार दी। जिससे बच्ची बाइक मे फंस गई और कुछ दूर तक घसीटने के बाद मौके का फायदा उठाकर बाईक सवार बाईक लेकर फरार हो गया।
वहीं आनन फानन में गम्भीर अवस्था में घायल 4 वर्षीय काव्या को बीएचयू ट्रामा सेन्टर ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कांस्टेबल करन गुप्ता वर्तमान में चौबेपुर थाने पर तैनात हैं। उनके बड़े भाई सन्तोष गुप्ता लालपुर पांडेयपुर थाने पर एसआई के पद पर तैनात हैं।
Chaubepur News: सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस
घटना के बाद स्थानीय पुलिस आरोपित बाइक चालक को सीसीटीवी के फुटेज के आधार पर तलाशने में जुट गई है। करन गुप्ता के दो बच्चे थे। जिसमे पहले नम्बर पर लड़का है और दूसरे नंबर पर चार वर्षीय बच्ची काव्या थी। वह चौबेपुर में परिवार के साथ किराए के मकान में रहते थे। काव्या की मौत से उसका पूरा परिवार टूट सा गया है। मृतक काव्या का क्रिया कर्म वाराणसी घाट पर करने के बाद परिजन अपने गांव ठाड़ी थाना टिकरीगंज जिला गोरखपुर चले गए।
थाना प्रभारी निरीक्षक विद्या शंकर शुक्ल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। सीसी फुटेज से जल्द ही अभियुक्त पुलिस के गिरफ्त में होगा।

