Varanasi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता से मिले और विकास परियोजनाओं को तय समय में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। सर्किट हाउस में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए मुख्यमंत्री ने खासतौर पर निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों के पालन और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रोपवे परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने परियोजना में अनावश्यक देरी से बचने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि दिसंबर तक तीन स्टेशनों का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा और बाकी मार्च तक पूरा होगा। मुख्यमंत्री ने हाल ही में रामनगर के शास्त्री घाट पर हुई दुर्घटना का उल्लेख करते हुए संबंधित विभागों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने घाटों पर हो रहे कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और सभी गुम्बदों के पुनर्निर्माण का भी आदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को साकार करने के लिए ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। इसके तहत पंचायतों की आय बढ़ाने के लिए कन्वेंशन सेंटर, मछली पालन, स्ट्रीट वेंडर और ग्रामीण हाट जैसी योजनाएं शुरू करने का सुझाव दिया।

मुख्यमंत्री ने शहर में स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त वातावरण और निराश्रित गोवंश की देखरेख के निर्देश दिए। उन्होंने महिला सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति के तहत हर ग्राम पंचायत में महिला पुलिस अधिकारी की तैनाती का सुझाव दिया और पुलिस बीट पर महिला सिपाहियों की तैनाती के निर्देश दिए।

Varanasi: ई-रिक्शा चालकों का वेरिफिकेशन और आई कार्ड जारी करने का भी निर्देश
मुख्यमंत्री ने यातायात सुधारने के लिए टैक्सी, ऑटो और ई-रिक्शा चालकों का वेरिफिकेशन और आई कार्ड जारी करने का भी निर्देश दिया। इसके साथ ही, किरायेदारों का सत्यापन और फ्लाईओवर के नीचे सुंदरीकरण कार्य कराए जाने पर भी जोर दिया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों ने शहर में शिक्षा, स्वास्थ्य और लोक निर्माण की परियोजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं को गति देने और समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

