- उपचार के हर संभव प्रयास का परिजनों को दिया भरोसा
वाराणसी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय चिकित्सालय में भर्ती कराए गए संभावित फूड प्वाइजनिंग के मरीजों का हाल जाना और उन्हें आश्वस्त किया कि बेहतर उपचार के हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
पिण्डरा ब्लाक के बरवा गांव में हुए संभावित फूड प्वाइजनिंग के मामले में पंडित दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय में भर्ती मरीजों का हाल जानने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी शुक्रवार को वहां पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती संभावित फूड प्वाइजनिंग के सभी मरीजों के स्वास्थ्य और उनके हो रहे उपचार की बारी-बारी से जानकारी ली। साथ ही मरीजों और उनके परिजनों को भरोसा दिलाया कि उपचार के हर संभव प्रयास किये जाएंगे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि पिंडरा ब्लाक के बरवा गांव में हरिनाथ बेनवंशी की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया था। भण्डारे में खाना खाने वालों को उसी रात को उल्टी दस्त होने लगा। स्वास्थ्य टीम ने 38 लोगों को ग्राम में ही उपचार दिया तथा 26 लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पिण्डरा रेफर किया।

सीएमओ ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पिण्डरा लाये गये सभी 26 लोगों को उसी शाम रेफर कर पं. दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही खाद्य औषधि निरीक्षक की टीम की ओर से जांच के लिए खाद्य पदार्थों का सैम्पल भी ले लिया गया है।