- सीएम योगी आदित्यनाथ ने की जनपद के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा
- टीपी नगर योजना को लेकर चल रहे किसानों का आंदोलन तत्काल समाप्त करने पर दिया जोर
- शहर में निर्माणाधीन परियोजनाओं को युद्धस्तर पर अभियान चलाकर पूर्ण कराने के दिये निर्देश
- सिंचाई विभाग तत्काल साफ कराए वरुणा नदी, अपराधियों पर विशेष रूप से लगाया जाए अंकुश
- पिंडरा में बने आईटीआई की खराब गुणवत्ता की डीएम जांच कराते हुए दोषी के खिलाफ लें एक्शन
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीसी वीडीए को निर्देश दिया है कि मोहनसराय ट्रांसपोर्ट नगर एवं आवासीय योजना के दायरे में आ रहे अवशेष किसानों को वर्तमान रेट पर मुआवजा दें। साथ ही प्रकरण को लेकर चल रहे आंदोलन को कमश्निर तत्काल प्रभाव से समाप्त कराएं। दूसरी ओर, सिंचाई विभाग तुरंत वरुणा नदी को साफ कराए। वहीं, अपराधियों पर विशेष रूप से अंकुश लगाया जाय। इस बात पर खास ध्यान रहे कि कोई भी अपराधी या माफिया कार्यों का ठेका न लेने पाए।
एकदिनी दौरे पर शनिवार को पहुंचे सीएम सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था आदि की समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने शहर में चल रहे विकास कार्यों एवं निर्माण परियोजनाओं को युद्धस्तर पर अभियान चलाकर तय वक्त में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने पर बल दिया। शहर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने पर जोर देते हुए योगी ने नगर निगम के वार्ड तथा मोहल्लास्तर पर कमेटी गठित तक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिये। ताकि इस मुहिम में व्यापक स्तर पर लोगों को जड़ना संभव हो।
सीएम ने घाटों के काम यूपीपीसीएल को दिये जाने पर सख्त नाराजगी जताते हुए कहा कि कोई भी कार्य उसी कार्यदायी संस्था को दें जो उसके अनुरूप हो और जिसके पास मैनपावर की सप्लाई सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अटल आवासीय विद्यालय के शेष निर्माण कार्य निर्धारत समय के भीतर पूरा कराने पर बल दिया। इसके अलावा मंडलायुक्त को गोवर्द्धन योजना अच्छी तरह संचालित करने के निर्देश दिये। बैठक के दौरान पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने अपने क्षेत्र में बनी आईटीआई की खराब गुणवत्ता की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को मामले की जांच कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।
मीटिंग में सूबे के मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी एवं सौरभ श्रीवास्तव, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा आधि भी रहे। बैठक के बाद सीएम ने काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन किया।
सीसीटीवी कैमरे बढ़ाकर कंट्रोल रूम से करें लिंक
समीक्षा बैठक में सीएम योगी ने निर्देश दिया कि काशी आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ पुलिस का व्यवहार अच्छा होना चाहिए। पुलिस प्रशासन अर्बन नक्सलियों की ओर भी ध्यान दे और नजर रखे। उन्होंने पुलिस विभाग को फुट पेट्रोलिंग समेत पीआरवी-112 पर और अधिक कार्य करने के निर्देश दिये। ताकि जनता के बीच सेफ सिटी की भावना उत्पन्न हो सके। उन्होंने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से वार्ता कर शहर में और अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने को कहा। साथ ही उन कैमरों को कंट्रोल रूम से लिंक करने के निर्देश दिये। ताकि शहर में अवैध वसूली एवं अवैध टैक्सी स्टैंड आदि को रोका जा सके। उन्होंने गत दिनों काशी विश्वनाथ मंदिर में हुई सुरक्षा चूक की चर्चा करते हुए सिक्यूरिटी व्यवस्था और चाक-चौबंद करने का आदेश दिया।
ओवर लोडिंग पर तत्काल लें एक्शन
मीटिंग में मुख्यमंत्री ने आगामी दिनों आयोजित होने वाले जी-20 समिट के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुगम एवं सुदृढ़ करने के निर्देश दिये। निर्धारित रूट से अवैध टैक्सी स्टैंड हटवाने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। इसके अलावा मुख्य सचिव को ओवर लोडिंग की समस्या पर तत्काल प्रभाव से एक्शन लेने तथा समस्या के समाधान पर कार्य करने पर बल दिया। डीएम एस. राजलिंगम ने उन्हें जी-20 बैठक की तैयारियों के बारे में बताया कि मेहमान 11 जून को बनारस पहुंचेंगे। उनका विभिन्न स्थानों पर स्वागत होगा। होटल ताज में सांस्कृतिक कार्यक्रम और डिनर का आयोजन होगा। अगले दिन टीएफसी में बैठक के बाद सभी अतिथि नमो घाट पर रंगारंग कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती देखेंगे। उन्हें सारनाथ में भी कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दिखाए जाएंगे। पुलिस कमिश्नर अशोक मुथा जैन ने जी-20 सम्मेलन के दौरान सुरक्षा, ट्रैफिक आदि व्यवस्था के बारे में जानकारी दी।
आगामी मार्च तक बन जाएगा कज्जाकपुरा आरओबी : मंडलायुक्त
बैठक में मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने शहर में चल रहे केंद्र व राज्य सरकार की 10305 करोड़ रुपये की लागत से चल रही 61 परियोजनाओं के बारे में बताया। उनमें से अधिकांश का शिलान्यास हो चुका है। वर्तमान में सर्वाधिक काम सड़कों पर किया जा रहा है। उनमें वाराणसी-औरंगाबाद मार्ग चौड़ीकरण, रिंग रोड, शिवपुर-फुलवरिया मार्ग आदि की जानकारी दी। कमिश्नर ने डाफी टोल प्लाजा के पास ओवरलोड ट्रकों के चलते खराब हुई सड़क की ओर ध्यान दिलाया। शहर के भीतर मोहनसराय-रोहनिया, लंका-रवींद्रपुरी आदि पांच मार्गों के चौड़ीकरण के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कज्जाकपुरा आरओबी का करीब 41% काम हो चुका है। मार्च-2024 तक परियोजना पूर्ण कर ली जाएगी। उन्होंने रमना में निर्माणाधीन वेस्ट टू एनर्जी प्रोजेक्ट, पंचकोशी परिक्रमा की धर्मशालाओं के पुनरुद्धार कार्य की प्रगति, सारनाथ में प्रो-पुअर टूरिज्म योजना, शहर में नौ और सीएनजी स्टेशन शुरु करने, सिगरा स्टेडियम के फेज-1 का कार्य अगस्त कर पूर्ण कर लिये जाने आदि के बारे में जानकारी दी।

