वाराणसी। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का शनिवार को वाराणसी पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने भव्य तरीके से स्वागत किया। राहुल गांधी शनिवार की सुबह पड़ाव से गोलगड्डा पहुंचे। उसके बाद हरतीरथ और मैदागिन पहुंचे। यहां से वह सीधा काशी विश्वनाथ धाम के लिए रवाना हो गए।

राहुल गांधी श्री काशी विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करने के साथ ही गोदौलिया चौराहे पर जनसभा संबोधित करेंगे। राहुल के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। कांग्रेस के साथ ही सपा-बसपा व अन्य विपक्षी दलों के कार्यकर्ता उत्साहित हैं।

राहुल गांधी की यात्रा शुक्रवार को बिहार से चंदौली होते हुए यूपी में दाखिल हुई। उन्होंने चंदौली के सैयदराजा में जनसभा को संबोधित किया। वहीं शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद यात्रा पड़ाव पहुंची। यहां अवधूत भगवान राम आश्रम के समीप राहुल ने रात्रि विश्राम किया।

वाराणसी के बाद भदोही और फिर प्रयागराज जाएगी कांग्रेस की यात्रा
राहुल गांधी की यात्रा गोलगड्डा, विश्वेवरगंज, मैदागिन चौराहा होते हुए काशी विश्वनाथ धाम पहुंचेगी। यहां बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करने के बाद राहुल गांधी गोदौलिया चौराहे पर लोगों को संबोधित करेंगे। इसके बाद मंडुवाडीह होते हुए यात्रा आगे बढ़ेगी। यात्रा वाराणसी से निकलकर भदोही पहुंचेगी। वहां ज्ञानपुर इंटर कालेज में रात्रि विश्राम होगा। इसके बाद यात्रा प्रयागराज जाएगी।


