वाराणसी। IIT BHU की एक छात्रा के साथ दुष्कर्म के आरोपियों को जमानत मिलने पर मंगलवार को जिला और महानगर महिला कांग्रेस ने आक्रामक विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चूड़ियां भेजकर अपनी नाराजगी जताई।
महिला कांग्रेस की सदस्यों ने कोतवाली के पास स्थित डाकघर से प्रधानमंत्री को चूड़ियां भेजकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस विरोध का नेतृत्व जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराधा यादव और महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष पूनम विश्वकर्मा ने किया।
अनुराधा यादव और पूनम विश्वकर्मा ने संयुक्त बयान में कहा, “देश में बढ़ती अमानवीय घटनाओं के बावजूद मोदी सरकार दोषियों की रक्षा करती नजर आती है। FIR दर्ज कराने में देरी की जाती है, और जब तक लोग सड़कों पर उतरकर न्याय की मांग नहीं करते, तब तक कोई कार्रवाई नहीं होती। भाजपा सरकार बार-बार आरोपियों को सुरक्षा देती है, जिससे उनके हौसले बुलंद होते हैं। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में भाजपा पदाधिकारियों को जमानत मिलना बेहद निंदनीय है।”

IIT BHU की छात्रा से 1 नवंबर 2023 को हुआ था सामूहिक दुष्कर्म
1 नवंबर 2023 को IIT BHU परिसर में एक बीटेक छात्रा के साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। छात्रा ने 2 नवंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद छात्रों ने व्यापक प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस का मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को महिलाओं द्वारा भेजी गई चूड़ियां पहननी चाहिए, क्योंकि अब देश की महिलाओं को उनसे कोई उम्मीद नहीं है।
इस विरोध प्रदर्शन में अनुराधा यादव, पूनम विश्वकर्मा, रेनू चौधरी, शाइस्ता याशमीन, राजकुमारी देवी, मनोरमा प्रजापति, मीना, आरती विश्वकर्मा, रीता पटेल, मन्शा देवी, शकुंतला पाल, कुमकुम वर्मा, सरिता वर्मा, हेना, सुशीला देवी, मीनू, सुनीता, और दर्जनों अन्य महिलाएं शामिल थीं।

