कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयराम रमेश ने जम्मू-कश्मीर में एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि कांग्रेस का ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ कैम्पेन 26 जनवरी से 26 मार्च तक चलेगा. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर प्रचार करेंगे. साथ ही वे 6 लाख गांवों और 2.5 लाख ग्राम पंचायतों के 10 लाख मतदान केंद्रों के हर घर तक पहुचेंगे. यहां वे राहुल गाँधी का पत्र लोगों को सौपेंगे.
आम जनता से जुड़ने की कोशिश
हाथ से हाथ जोड़ो अभियान 26 जनवरी से 26 मार्च तक चलेगा। इस अभियान के दौरान, पार्टी आम जनता से जुड़ने की कोशिश करेगी। इसके अलावा कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पत्र के साथ भाजपा सरकार की विफलताओं की एक चार्जशीट को हर घर में बांटा जाएगा। इस अभियान का मकसद कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा पैदा करना भी होगा।
कांग्रेस का सबसे बड़ा अभियान
गुरुवार को राजस्थान के शहरी विकास मंत्री शांति कुमार धारीवाल के जयपुर स्थित आवास पर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। कांग्रेस नेता आरसी खुंटिया ने कहा कि यह राहुल गांधी और कांग्रेस का सबसे बड़ा अभियान है। इसकी जानकारी होने के बाद भी अगर कांग्रेस का कोई नेता, पदाधिकारी या सांसद इसमें शामिल नहीं होता है तो यह गंभीर होगा।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान कांग्रेस का हर कार्यकर्ता और पदाधिकारी क्षेत्र के मतदाताओं के घर-घर जाकर उन्हें राज्य सरकार की योजनाओं और कांग्रेस की विचारधारा से अवगत कराएगा। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान जो संदेश आम लोगों को दिया गया, उसे अब हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत घर-घर पहुंचाया जाएगा।