वाराणसी(दानगंज)। विकासखंड चोलापुर के बलिराम गंज बाजार स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 233 पर टोल प्लाजा बनाए जाने के विरोध में सोमवार को सैकड़ों की संख्या में स्थानीय बाजार वासीयों, ग्रामीणों एवं क्षेत्रीय लोगों ने नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बभनपुरा, महादा, लालमन कोट, ढेरही, लखनपुर, कपीसा, मंगोलेपुर, खरदहा, सिंहपुर, बेनीपुर समेत विभिन्न गांव से सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे। ग्रामीणों ने उक्त स्थल पर टोल प्लाजा न बनाए जाने के लिए विरोध प्रदर्शन किया।
क्षेत्र के अरुण सिंह शोटन सिंह, बालाजी राय समेत दर्जनों लोगों ने कहा कि उक्त स्थल पर टोल प्लाजा बनने से दुर्घटनाएं बढ़ जाएंगी। साथ ही बाजार का अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा। अजय सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में बलिरामगंज बाजार के तिराहे से निजी व सरकारी स्कूलों के बच्चों का आवागमन बना रहता है। ऐसे में टोल प्लाजा होने से तिराहा का अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा एवं स्कूली बच्चों के आवागमन के लिए यह खतरा उत्पन्न करेगा।
ग्रामीणों ने कहा कि विनोद सिंह एवं रामनगीना सेठ के नेतृत्व में हम लोग एक सप्ताह पूर्व केंद्रीय मंत्री माननीय डॉक्टर महेंद्र नाथ पांडे से भी शिकायत कर चुके हैं। जबकि यह टोल प्लाजा दानगंज के समीप वाराणसी जौनपुर सीमा पर बनाने के लिए निर्धारित है। परंतु विभाग के लोगों के मनमानी से एक सप्ताह पूर्व भूमि पूजन करते हुए व्यापारियों को नोटिस थमा दी गई।
मौके पर प्रमुख रूप से सतिश सिंह, रामचन्द्र यादव, मनोज सिंह, डॉ० लल्लन प्रसाद, मोहन यादव, सियाराम यादव, अलगू सिंह, रिक्की सिंह, सुरेन्द्र शर्मा समेत सैकड़ों लोगों ने बलिरामगंज बाजार में बनने वाले टोल प्लाजा का पुरजोर विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।