वाराणसी। डॉन अबु सलेम के भतीजे आरिफ को यूपी पुलिस ने मुंबई के चाय पान की दुकान से गिरफ्तार किया है। वह कुछ लोगों के साथ चाय का लुत्फ़ ले रहा था। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। दरअसल, फरार सूची में नाम आने के बाद से ही यूपी पुलिस को उसकी तलाश थी। उसकी तलाशी के लिए यूपी पुलिस सर्च अभियान चला रही थी।
यूपी पुलिस ने आरिफ को बांद्रा हिल रोड के पास से गिरफ्तार किया है। असल में पुलिस को लम्बे समय से आरिफ की तलाश थी। उसकी तलाश में यूपी पुलिस ने कई जिलों में छापेमारी भी की थी। यूपी पुलिस को सूचना मिली कि आरिफ मुंबई में छिपकर रह रहा है।
जिसके बाद यूपी पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए इसकी सूचना मुंबई पुलिस को दी। इसके बाद यूपी पुलिस की एक टीम आरिफ को गिरफ्तार करने के लिए मुंबई रवाना हुई। इसी बीच मुंबई पुलिस ने यूपी पुलिस को आरिफ के बारे में कई जानकारियां दीं। इस दौरान पुलिस को सूचना हुई कि आरिफ चाय पान की दुकान पर खड़ा है।
सूचना मिलने पर यूपी पुलिस की एक टीम बांद्रा पहुंची। पुलिस ने देखा कि आरिफ चाय पान की दुकान पर खड़ा है। उसे पकड़ने के लिए यूपी पुलिस की टीम सादे वेश में गई थी, जिससे कि उसे अपने पकड़े जाने की भनक ना लगे। इस घटना का एक विडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें साफ़ देखा जा सकता है कि आरिफ कुछ लोगों के साथ एक दुकान के पास खड़ा है। पुलिस वहां पहुंचकर उसे बड़े आराम से हिरासत में लिया।
गौरतलब है कि माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ अहमद की हत्या के बाद से ही पुलिस लगातार माफियाओं पर नकेल कस रही है। उन्हें पकड़ने के लिए दबिश दे रही है। इसके साथ ही पुलिस गोलीबारी करने वाले अपराधियों का भी एनकाउंटर कर रही है। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी कहा था कि माफियाओं को मिट्टी में मिला दूंगा। इसका असर यूपी में अब दिखाई देने लगा है।
यूपी पुलिस की टीम अब उसे आजमगढ़ लाकर टीम पूछताछ की कवायद में भी जुटी है। शहर कोतवाली में गुरुवार को उसके खिलाफ फर्जीवाड़ा कर जमीन कब्जा करने व रंगदारी मांगने की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके अलावा दो अन्य लोग भी नामजद किए गए थे, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आजमगढ़ के चकला पहाड़पुर निवासिनी शबाना परवीन ने गुरुवार को शहर कोतवाली में तहरीर दी। इसमें उन्होंने बताया था कि उसके पति आदिल शेख के निधन के बाद वह इस्टर्न डिस्टीब्यूटर का सारा कारोबार देख रही हैं। निधन से पहले पति ने अपने भाई जैद अहमद, मां शाहिदा खातून व पिता के नाम पर कई जगहों संपत्ति खरीदी थी। उस संपत्ति पर उसकी ननद हेमा और उसके पति सलमान की नजर है। पति के भाई जैद बीमार है, जिनका मुम्बई से इलाज चल रहा है। मां शाहिदा भी अक्सर बीमार ही रहती है। मेरी ननद व उसके पति किसी भी तरह उसकी व उसके परिवार की संपत्ति पर कब्जा करने की फिराक में है। एक बार तो जैद और मां शाहिदा को बरगला कर वसीयत भी करा चुके हैं। जिसे बाद में दोनों ने रद्द कर दिया। इसके बाद अब वे अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम के भतीजे सरायमीर के पठानटोला निवासी मो. आरिफ के माध्यम से मेरी व परिवार की संपत्ति पर नजर रखे हैं। आरिफ अब उनसे रंगदारी मांग रहा है। फर्जी कागजातों के आधार पर उसकी व परिवार की संपत्ति पर कब्जे का प्रयास किए जा रहे हैं।
जुर्माना शबाना की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, एसओजी टीम ने अबू सलेम के भतीजे मो. आरिफ को मुम्बई में हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। दोनों अन्य आरोपियों हेमा व सलमान को शहर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्या ने शुक्रवार को बताया कि कोतवाली में फर्जीवाड़ा व रंगदारी के मामले में अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम के भतीजे मो. आरिफ समेत तीन के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने आरोपित दो लोगों को गिरफ्तार कर उनका चालान किया गया है। डॉन अबू सलेम के भतीजे को पुलिस ने हिरासत में लेकर उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।