Durga Pooja 2024: शिव की नगरी काशी में नवरात्रि की तैयारियाँ जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। इस बार दुर्गा पूजा पंडालों के जरिए नारी शक्ति को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का संदेश दिया जाएगा। योगी सरकार ने मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता फैलाने की योजना बनाई है, जिसमें बैनर और महिला पुलिसकर्मियों के माध्यम से लोगों को सचेत किया जाएगा। सरकार के इस मिशन शक्ति-4 अभियान को महिलाओं की सुरक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है, जिससे महिलाएं और लड़कियां घर से बाहर निकलकर खुद को मजबूत महसूस कर रही हैं।
एडिशनल डीसीपी महिला सुरक्षा ममता रानी के अनुसार, वाराणसी के 31 थाना क्षेत्रों में लगने वाले दुर्गा पूजा पंडालों की सूची तैयार की जा रही है। प्रत्येक पंडाल में सब इंस्पेक्टर और महिला-पुरुष कांस्टेबल तैनात होंगे, जो लाउडस्पीकर के माध्यम से महिला सुरक्षा से जुड़ी सरकारी योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों और साइबर क्राइम से संबंधित जानकारी देंगे। इसके अलावा, पंडालों में बैनर, पोस्टर, हैंडबिल और पम्पलेट के जरिए भी जागरूकता फैलाई जाएगी। पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और एलईडी स्क्रीन पर महिला अपराध और नए कानूनों की जानकारी प्रसारित की जाएगी।

Durga Pooja 2024: चौराहों, घाटों पर एलइडी के माध्यम से भी किया जायेगा जागरूक
इसके साथ ही, वाराणसी के प्रमुख स्थानों जैसे घाट, चौराहे और कैंट रेलवे स्टेशन पर भी एलईडी स्क्रीन के जरिए महिला और बालिकाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण से संबंधित वीडियो संदेश प्रसारित करने की योजना बनाई गई है। एडिशनल डीसीपी ने बताया कि महिलाएं और लड़कियां 24 घंटे मदद के लिए 1090 नंबर पर कॉल कर सकती हैं, वहीं साइबर क्राइम की शिकायत के लिए 1930 हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध है।

