Election Update: कांग्रेस की परंपरागत रायबरेली सीट पर भाजपा पूरी तरह से कब्जा करने के मूड में है। इसी बीच खबर आ रही है कि रायबरेली में भाजपा किसी ब्राह्मण चेहरे को मैदान में उतार सकती है। इसमें प्रख्यात कवि कुमार विश्वास, भाजपा की पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता नूपुर शर्मा, राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी और राज्यसभा चुनाव में भाजपा को वोट देने वाले सपा के पूर्व विधायक मनोज पांडेय के नाम चर्चा में हैं।
उत्तर प्रदेश में रायबरेली और अमेठी को कांग्रेस का गढ़ माना जाता रहा है। पिछले लोकसभा चुनाव में अमेठी में स्मृति जुबेन ईरानी को मैदान में उतार कर भाजपा ने अपना परचम लहराया था। बीजेपी रायबरेली सीट पर बीते 2 साल से चुनावी तैयारी कर रही है। बीते दिनों सोनिया गांधी ने रायबरेली की सीट छोड़ दी थी। अब इस सीट पर कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के चुनाव लड़ने की चर्चा है। ऐसे में भाजपा वहां से कोई बड़ा चेहरा उतारने की तैयारी कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा इस सीट पर कवि कुमार विश्वास पर अपना दांव आजमा सकती है। कुमार विश्वास 2014 में आम आदमी पार्टी के टिकट पर अमेठी से चुनाव लड़ चुके हैं। वह मजबूत टक्कर देने के साथ चुनाव को रोचक बना सकते हैं। वही पार्टी के पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी के बाद घिर गई थी। पार्टी ने उन्हें निलंबित भी किया था। ऐसे में माना जा रहा है कि पार्टी महिलाओं के साथ राष्ट्रवाद का संदेश देने के लिए नूपुर शर्मा को चुनावी मैदान में उतार सकती है।
Election Update:: ब्राह्मण चेहरे को साध सकते हैं सुधांशु त्रिवेदी
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी को भी लोकसभा चुनाव लड़ाने की चर्चा है। सुधांशु ब्राह्मण चेहरा होने के साथ-साथ अच्छे वक्ता भी हैं। हालांकि वह हाल ही में राज्यसभा सदस्य निर्वाचित हुए हैं। रायबरेली के ऊंचाहार से सपा विधायक मनोज पांडेय को भी प्रत्याशी बनाने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि पांडेय की ब्राह्मण समाज के साथ अन्य समाजों में भी पकड़ है। सूत्रों की माने तो गांधी परिवार के किसी सदस्य ने रायबरेली से चुनाव नहीं लड़ा तो पांडेय की लॉटरी लग सकती है।
कुमार विश्वास का प्रवचन, बीजेपी के मन की बात
दूसरी ओर कुमार विश्वास का सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा प्रवचन और उनके भाजपा से चुनाव लड़ने का संकेत दे रहा है। उन्होंने हाल ही में एक धार्मिक कार्यक्रम में पीएम मोदी के समुद्र के अंदर द्वारिका मंदिर की पूजा अर्चना की मुक्त कंठ से प्रशंसा की है।
अम्बेडकर नगर सीट पर रितेश पांडेय की दावेदारी
वहीं बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए सांसद रितेश पांडेय को अंबेडकर नगर से प्रत्याशी बनाया जाएगा। रितेश के पिता एवं सपा विधायक राकेश पांडेय ने हाल ही में राज्यसभा चुनाव में भाजपा के आठवें प्रत्याशी संजय सेठ को वोट दिया है।
गाजीपुर से माफिया बृजेश सिंह को मिल सकता है टिकट
इन सभी के बीच एनडीए के घटक दल सुभासपा को गठबंधन में गाज़ीपुर सीट मिल सकती है। गाजीपुर भाजपा की हारी हुई 14 सीटों में शामिल है। सुभासपा पर इस सीट से माफिया बृजेश सिंह या उनके बेटे को मैदान में उतार सकती है। पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर खुद यह संकेत दे चुके हैं।
हाइलाइट्स
अयोध्या में राष्ट्रवाद के जरिए साधेंगे लोकसभा
अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अब सब की नजरें यहां की लोकसभा सीट पर है। सूत्रों का कहना है कि यदि मौजूदा सांसद लल्लू सिंह को फिर से मौका नहीं दिया गया, तो पार्टी अयोध्या से देश में राष्ट्रवाद का संदेश देने वाले चेहरे को उतार सकती है।