- एक वृद्ध की मौत
- दो अज्ञात व्यक्ति भर्ती
देव कुमार केशरी
वाराणसी। वाराणसी में प्रचंड ठंड पड़ रही है। ठंड से बीमार पांच दर्जन मरीज शुक्रवार को मण्डलीय पहुंचे। इनमें दस मरीज भर्ती कराये गये हैं। जबकि यहाँ भर्ती एक वृद्ध की मौत हो गयी। दो अज्ञात वृद्ध बेहोशी की हालत में भर्ती कराये गये। एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
कड़ाके की पड़ रही ठंड के चपेट में आने से पेट दर्द, कोल्ड डायरिया, सर्दी-जुकाम, सांस फूलने की शिकायत लेकर शुक्रवार को मण्डलीय अस्पताल के बहिरंग विभाग में दो दर्जन बच्चों समेत पांच दर्जन से ज्यादा लोग पहुंचे। इनमें श्रेयांश, शैलेन्द्र, हौसिला प्रसाद, अजय, गुलाम कादिर, रंजीता, माया समेत दस मरीज भर्ती कराये गये। जबकि कैंट स्टेशन के सामने से बीते गुरुवार को मण्डलीय अस्पताल में गम्भीर हालत में भर्ती कराये गये मऊ जिले के कोतवाली क्षेत्र निवासी काशी नरेश (65 वर्ष) की शुक्रवार को मौत हो गयी।
आशंका है कि वृद्ध की मौत ठंड की चपेट में आने से हुई है। उधर महिला अस्पताल में शुक्रवार को सुबह ठंड से अचेत होकर कांप रहे 60 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति को एम्बुलेंस कर्मियों ने अस्पताल में भर्ती कराया। इसी तरह दशाश्वमेघ घाट पर ठंड से कांप रहे 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने बेहोशी की हालत में मण्डलीय अस्पताल में भर्ती कराया।
अलाव तापते हुए युवक की मौत
वाराणसी में एक ओर जहां ठंड की चपेट में आने से लोग बीमार पड़ रहे हैं। वहीँ, अलाव तापते समय शुक्रवार को एक व्यक्ति की मौत हो गई। चोलापुर थाना क्षेत्र के सिंहपुर निवासी कमलेश (19 वर्ष) शुकवार की सुबह आग ताप रहे थे। आग के चपेट में आने के बाद कमलेश को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।