- पिता राजातालाब में सब्जी का करते हैं व्यापार, घर पर आस पड़ोस के साथ रिश्तेदारों का लगा रहा तांता
वाराणसी। आराजी लाइन विकासखंड क्षेत्र के राजातालाब असवारी गांव के रोहित पटेल का चयन आईएएस (IAS) पद पर हुआ है। जिसकी जानकारी होने पर बुधवार को पूर्व राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल व पूर्व रोहनिया विधायक महेंद्र सिंह पटेल ने रोहित के पिता राजेश पटेल व उनकी मां मुनिता देवी को धन्यवाद दिया और आईएएस के लिए चयनित रोहित को माला पहनाकर बधाई दी।
कहा कि आज रोहित ने गांव का ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के साथ-साथ जिले का नाम रोशन किया। जिससे हम सभी लोग गौरवान्वित हैं। इसके अलावा इंटर तक की शिक्षा देने वाले पयागपुर स्थित श्री प्रकाश इंटर कॉलेज के प्रबंधक विमला प्रसाद के साथ क्षेत्रीय लोगों व रिश्तेदारों ने रोहित को बधाई दी। इस दौरान उनके घर पर आने जाने वालों का ताता लगा रहा। रोहित बीटेक के छात्र रहे हैं और उनको आईएएस में 225 वीं रैंक प्राप्त हुई है।
रोहित किसान परिवार से हैं इनके पिता राजेश कक्षा आठ तक ही शिक्षा लें सकें और राजातालाब सब्जी मंडी में किसानों से सब्जी खरीद कर बेचते हैं। उनकी पत्नी मुनिता देवी निरक्षर हैं। राजेश बताते हैं कि उनका सपना था कि वह अपने बच्चे और बच्चियों को पढ़ा लिखा कर योग्य बनाएं। बताया कि उनका बेटा बीटेक कर प्रतियोगी परीक्षा में बैठ रहा था। जबकि उनकी बड़ी बेटी चंदा एमएससी की पढ़ाई की है छोटी बेटी मंदाकिनी ने बीकॉम किया है। बेटे के चयन पर माता-पिता ने खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर ग्राम प्रधान जियालाल, पूर्व प्रधान मृत्युंजय कुमार, राहुल यादव, शिवधनी पटेल, सेवापुरी विधायक नील रतन पटेल नीलू के प्रतिनिधि रामविलास पटेल, दीपक पटेल, मिथिलेश सिंह, पप्पू सिंह, लाल बहादुर पटेल,नीरज पांडेय आदि लोगों ने बधाई दिया।

