Varanasi: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने उत्तर प्रदेश के बहराइच में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई हिंसा को समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ की साजिश बताया है। मंगलवार को वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचे गिरिराज सिंह ने इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखे हमले किए। उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर सवाल उठाते हुए कहा, “अखिलेश यादव जी, आपके पिता ने कारसेवकों और हिंदुओं पर गोलियां चलवाई थीं, लेकिन क्या देश का विभाजन धर्म के आधार पर हुआ था?”
गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि अगर बहराइच जैसी घटना बांग्लादेश में हुई होती, तो अखिलेश यादव चुप रहते। उन्होंने दावा किया कि दुर्गा विसर्जन के दौरान हुई हिंसा सपा, कांग्रेस और ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ की मिलीभगत का नतीजा है।
Varanasi: तेजस्वी की यात्रा पर निशाना, मुस्लिम वोट बैंक के लिए, मेरी यात्रा जागरूकता के लिए – गिरिराज सिंह
बिहार में, गिरिराज सिंह ने तेजस्वी यादव की यात्रा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनकी यात्रा मुस्लिम वोट बैंक को साधने के लिए है, जबकि उनकी अपनी यात्रा लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से हो रही है। गिरिराज सिंह ने विपक्ष के नेताओं द्वारा लोकसभा चुनाव पर दिए बयानों की भी आलोचना की और कहा कि दुर्गा विसर्जन के दौरान हिंदुओं पर गोली चलना आत्मरक्षा और स्वाभिमान का सवाल है।