Ayodhya: भगवान राम, सीता और लक्ष्मण के पुष्पक विमान से अयोध्या आगमन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राम, सीता और लक्ष्मण रथ पर सवार हुए, जिसे स्वयं योगी ने खींचते हुए रामकथा पार्क तक पहुँचाया। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान राम की आरती उतारी और राजतिलक किया।
शहर भर में भगवान राम के स्वागत में कलाकार विभिन्न नृत्य प्रस्तुत कर रहे हैं, और रामायण के प्रसंगों पर आधारित झांकियां सजाई गई हैं। इस विशेष दीपोत्सव के दौरान राम मंदिर में फूलों से खूबसूरत रंगोली बनाई गई है, और तोरण द्वारों से अयोध्या सजाई गई है।
वहीं, अयोध्या में 28 लाख दीयों को एक साथ प्रज्वलित कर एक नया रिकॉर्ड बनाने की तैयारी पूरी हो चुकी है। 55 घाटों पर दीये सजा दिए गए हैं, जिनमें तेल और बाती का प्रबंध कर लिया गया है।

Ayodhya: डिप्टी सीएम ने दी बधाई
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने इस पहले भव्य दीपोत्सव की बधाई देते हुए कहा कि 2017 से अयोध्या का चतुर्मुखी विकास हुआ है, और यह दीपोत्सव प्रदेशवासियों के लिए गर्व का अवसर है। भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने इस उत्सव की बढ़ती भव्यता की सराहना करते हुए इसे सरकार की अद्भुत पहल बताया, जो लोगों को अयोध्या की ओर आकर्षित कर रही है।
डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा कि इस बार दीपोत्सव का विशेष महत्व है क्योंकि 500 वर्षों बाद रामलला अपनी जन्मभूमि पर प्रतिष्ठित हुए हैं। इस आयोजन से पूरे देश के रामभक्तों में एक नई ऊर्जा और खुशी की लहर है।