Gyanvapi Darshan: ज्ञानवापी के व्यासजी तहखाने में दर्शन पूजन का क्रम गुरुवार से आम भक्तों के लिए खुल गया। पूजा-पाठ के अदालत के आदेश के बाद यहां बड़ी संख्या में भक्त उमड़ रहे हैं। वहीँ परिसर में स्थित नंदी के सामने पुलिस मोर्चे के बगल में करीब 4 फीट का गेट लगाया गया है। गेट की अंदर की दीवार को हटाकर भक्तों को दर्शन कराया जा रहा है।

हालांकि अभी दर्शन तहखाने के बाहर से ही हो रहे हैं। तहखाने के भीतर श्रद्धालुओं को जाने की अनुमति नहीं है। तहखाने में मौजूद देवी देवताओं के दर्शन कर श्रद्धालु स्वयं को आनंदित महसूस कर रहे हैं। दर्शन पूजन के दौरान गुरुवार को दिनभर मस्जिद परिसर में हर हर महादेव के नारे लगते रहे। वहीँ मंदिर खुलने के बाद दिनभर में पांच बार की आरती का समय भी निश्चित कर दिया गया है।
कोर्ट के आदेश पर हो रहा Gyanvapi Darshan
बता दें कि जिला न्यायालय ने बुधवार को ज्ञानवापी के व्यासजी के तहखाने में पूजा-पाठ की अनुमति दे दी। कोर्ट के आदेश पर बुधवार देर रात व्यासजी के तहखाने में पूजा पाठ का क्रम शुरू हुआ। रात में ही शयन आरती की गई। इसके बाद गुरुवार की सुबह तहखाने का द्वार दर्शन करने को आम भक्तों के लिए खोल दिया गया।