Agra के थाना खंदौली क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार कंटेनर ने दो ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे में घायल धनप्रसाद को एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है, जबकि विजय सिंह और उदय सिंह को यमुना (Agra) पार स्थित निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
Agra: दोनों ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों ऑटो एक ही दिशा में जा रहे थे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले एक ऑटो को जोरदार टक्कर मारी और फिर दूसरे ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद दोनों ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि सभी यात्री जगन्नाथ पुरी से दर्शन कर लौट रहे थे। सहपऊ थाना क्षेत्र के गांव भादउ निवासी सात लोग 20 जनवरी को यात्रा पर निकले थे और शनिवार को जबलपुर से आगरा (Agra) कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे। स्टेशन से गांव लौटने के लिए उन्होंने ऑटो बुक किया था। नगला चंदन जलेसर रोड पर पहुंचते ही कंटेनर ने दोनों ऑटो को रौंद दिया।
हादसे में बिजो, लख्मीचंद, रणवीर सिंह, बिल्ला मिस्त्री और शाहिद की मौके पर ही मौत हो गई। रणवीर सिंह के रिटायर्ड दारोगा होने की भी जानकारी सामने आई है। सूचना मिलते ही थाना खंदौली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। हादसे के बाद कंटेनर चालक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया, जिसके बाद उसके साथ मारपीट भी हुई। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

